संविदा नौकरी छूटने के सदमे में नर्सिंगकर्मी ने की आत्महत्या, SMS अस्पताल में शोक की लहर
भविष्य को लेकर चिंता और असमंजस की स्थिति
जयपुर। राजधानी के महिला अस्पताल में कार्यरत संविदा नर्सिंगकर्मी दीपक खारवाल ने कथित रूप से आत्महत्या कर ली। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दीपक महिला अस्पताल के आईसीयू में ठेके पर अपनी सेवाएं दे रहा था और हाल ही में प्लेसमेंट एजेंसी का अनुबंध समाप्त होने के कारण उसे अन्य संविदा नर्सिंगकर्मियों के साथ नौकरी से हटा दिया गया था। बताया जा रहा है कि नौकरी छूटने के बाद दीपक मानसिक तनाव में था। शुक्रवार को उसके आत्महत्या करने की सूचना मिलते ही साथी नर्सिंगकर्मियों और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई।
बड़ी संख्या में नर्सिंगकर्मी एसएमएस अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंच गए और घटना पर दुख जताया। गौरतलब है कि एक दिन पहले ही प्लेसमेंट एजेंसी का ठेका समाप्त होने के बाद महिला अस्पताल सहित विभिन्न इकाइयों में कार्यरत सभी संविदा नर्सिंगकर्मियों की सेवाएं समाप्त कर दी गई थीं। इससे कर्मचारियों में भविष्य को लेकर चिंता और असमंजस की स्थिति बनी हुई थी। घटना के बाद अस्पताल प्रशासन और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

Comment List