बीएसएनएल के 26वें स्थापना दिवस पर 5 किलोमीटर दौड़, अधिकारियों-कर्मचारियों ने दिखाया उत्साह
मुख्य महाप्रबंधक विक्रम मालवीय ने प्रतिभागियों का बढ़ाया उत्साह
जयपुर। भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर गुरुवार को निगम मुख्यालय के निर्देशानुसार राजस्थान परिमंडल की ओर से करीब 5 किलोमीटर दौड़ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राजस्थान परिमंडल के मुख्य महाप्रबंधक विक्रम मालवीय और टेलीकॉम वूमेन वेलफेयर एसोसिएशन (टीडब्ल्यूडब्ल्यूए) की अध्यक्ष मनीषा मालवीय की गरिमामय उपस्थिति रही।
दौड़ को मुख्य महाप्रबंधक विक्रम मालवीय, टीडब्ल्यूडब्ल्यूए अध्यक्ष मनीषा मालवीय, जयपुर बीए प्रमुख तथा परिमंडल कार्यालय के इकाई प्रमुखों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसमें परिमंडल कार्यालय, जयपुर बीए तथा सीएनटीएक्स नॉर्थ के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। टीडब्ल्यूडब्ल्यूए की सदस्य निधि माथुर और सुमित्रा जाखड़ ने भी दौड़ में उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
दौड़ में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक विक्रम मालवीय ने प्रेरणादायी संबोधन में अधिकारियों एवं कर्मचारियों का उत्साहवर्धन किया और स्वस्थ जीवनशैली के साथ टीम भावना को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
पूरे कार्यक्रम का आयोजन महाप्रबंधक प्रशासन रविंदर कुमार की देखरेख में किया गया। स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित दौड़ में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी से कार्यक्रम में उत्साह का माहौल रहा।

Comment List