सास-बहू विवाद के बाद कुएं में कूदी वृद्धा, पुलिस जवान ने बचायी जान
कोई भी कुएं में उतरने को तैयार नहीं था
जयपुर। दौलतपुरा थाना क्षेत्र के चौंप गांव में मंगलवार सुबह सास-बहू के बीच विवाद के सास लगभग 50 फीट गहरे सूखे कुएं में कूद गई। मौके पर मौजूद भीड़ में से कोई भी नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ। ऐसे में दौलतपुरा थाना के कान्स्टेबल तेजपाल ने अपनी जान जोखिम में डालकर कुएं में उतरकर महिला को जिंदा बाहर निकाला।
पुलिस कंट्रोल रूम को सुबह करीब 9:18 बजे सूचना मिली कि अहीरों की ढाणी, चौंप में एक महिला कुएं में गिर गई है। सूचना मिलते ही राजेश गुप्ता अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम और कृष्णराज जांगिड़ सहायक पुलिस आयुक्त चौमूं के सुपरविजन में थानाधिकारी महेंद्र सिंह यादव के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची। चेतक पर महिला कान्स्टेबल राजकिरण और चालक कान्स्टेबल तेजपाल को भेजा गया।
मौके पर 100-150 लोग जमा हो चुके थे, लेकिन कोई भी कुएं में उतरने को तैयार नहीं था। रेस्क्यू टीम आने में समय लग रहा था। ऐसे में कान्स्टेबल राजकिरण की सूझबूझ और ग्रामवासियों के सहयोग से कान्स्टेबल तेजपाल को सूखे कुएं में उतारा गया। तेजपाल ने नीचे जाकर वृद्ध महिला को सुरक्षित बाहर निकाला। महिला को निजी वाहन से केआर अस्पताल, चौमू इलाज के लिए भिजवाया गया।

Comment List