सरकार के तीन साल पूरे होने पर 8 से 25 दिसंबर तक होंगे प्रदेशव्यापी आयोजन, रोजगार उत्सव और नारी शक्ति सम्मेलन पर रहेगा फोकस
राजकाज प्रणाली पर अक्टूबर में 92,200 से अधिक नई ई-फाइलें बनीं
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार के तीन वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 8 से 25 दिसंबर तक प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने गुरुवार को शासन सचिवालय में सचिवों की समिति की बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की। कार्यक्रमों में तीन दिवसीय ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट, राज्य स्तरीय रोजगार उत्सव, कौशल मेला और नारी शक्ति सम्मेलन प्रमुख आकर्षण होंगे। जयपुर के सीतापुरा स्थित जेईसीसी में प्रस्तावित एग्रीटेक मीट में कृषि निवेश, निर्यात, बागवानी, मोटे अनाज, आधुनिक तकनीक और जल संरक्षण पर मंथन होगा। युवाओं के लिए नवाचार सम्मेलन, खेलो राजस्थान और प्रतिभा खोज प्रतियोगिताएं भी होंगी।
इसके अलावा राष्ट्रीय सरस मेला, शेखावाटी हेरिटेज मीट, प्रवासी राजस्थानी दिवस, जैसलमेर में पर्यटन सम्मेलन और लोक कला उत्सव प्रस्तावित हैं। आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए सभी जिलों में शिविर लगाए जाएंगे। 25 दिसंबर को सुशासन दिवस मनाया जाएगा। बैठक में विभागीय प्रगति की भी समीक्षा हुई। केंद्र प्रायोजित योजनाओं में अक्टूबर तक 17,227.22 करोड़ रुपये खर्च हुए, जो पिछले वर्ष से 40.19 प्रतिशत अधिक हैं। राजकाज प्रणाली पर अक्टूबर में 92,200 से अधिक नई ई-फाइलें बनीं। वहीं विधानसभा के 278 प्रश्नों का निस्तारण और 242 पदों की विभागीय पदोन्नति प्रक्रिया पूरी होने की जानकारी दी गई।

Comment List