अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने दी शुभकामनाएं, बागड़े ने कहा- महिलाएं आज सभी क्षेत्रों में सफलता के नए कीर्तिमान रच रही
यह दिन नारी शक्ति के सम्मान, समर्पण और उपलब्धियों का उत्सव
राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर नारी शक्ति को नमन करते हुए महिला दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
जयपुर। राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर नारी शक्ति को नमन करते हुए महिला दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। राज्यपाल ने अपने संदेश में कहा है कि वही समाज सर्वांगीण विकास करता है, जहां महिलाओं को आगे बढ़ने के अधिकाधिक अवसर उपलब्ध होते हैं।
बागडे ने कहा है कि महिलाएं आज जीवन के सभी क्षेत्रों में सफलता के नए कीर्तिमान रच रही हैं। उन्होंने महिला दिवस पर नारी सशक्तीकरण के लिए सभी स्तरों पर प्रयास कर बालिकाओं और स्त्रियों की बेहतरी के लिए वातावरण निर्माण का आह्वान किया है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर शुभकामनाएं :
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर प्रदेश की सभी महिलाओं को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
शर्मा ने कहा कि यह दिन नारी शक्ति के सम्मान, समर्पण और उपलब्धियों का उत्सव है। महिलाएं समाज की आधारशिला हैं, जो अपनी प्रतिभा, कौशल एवं जज्बे के दम पर जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में नई ऊंचाइयां छू रही हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के सशक्तीकरण, उन्हें समान अवसर देने और उनके अधिकारों की रक्षा करने के लिए कृतसंकल्पित है।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रदेशवासियों का आह्वान किया कि वे लैंगिक समानता को बढ़ावा देने के साथ ही महिला सशक्तीकरण की दिशा में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं और विकसित व खुशहाल राजस्थान के निर्माण में योगदान दें।

Comment List