भजनलाल शर्मा की पहल पर 32 देशों से उमड़े प्रवासी, 4 हजार से ज्यादा ने कराया रजिस्ट्रेशन
भजनलाल सरकार की पहल का दिखा असर
जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल प्रवासी राजस्थान दिवस में भाग लेने के लिए प्रवासी राजस्थानियों में काफी उत्साह नजर आ रहा हैं और इसके लिए भारत सहित 32 देशों से 4 हजार से अधिक पंजीकरण प्राप्त हो चुके है। आयुक्त, राजस्थान में निवेश संवर्धन ब्यूरो के आयुक्त नीलाभ सक्सैना के अनुसार इस आयोजन के लिए अब तक चार हजार से अधिक पंजीकरण प्राप्त हो चुके हैं और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से सबसे अधिक पंजीकरण प्राप्त हुए हैं। इसके बाद ङ्क्षसगापुर, मॉरीशस, अमेरिका और ब्रिटेन से उल्लेखनीय भागीदारी दर्ज की गयी है। अल्बानिया, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, स्वीडन, स्विट््जरलैंड, बहरीन, बेल्जियम और कनाडा सहित कई अन्य देशों के प्रवासी राजस्थानियों ने भी आयोजन में भाग लेने के लिए पंजीकरण कराया है वहीं भारत में बिहार, गुजरात, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश से काफी पंजीकरण प्राप्त हुए हैं।
गत 11 अक्टूबर से शुरु किये गये पंजीकरण में लगभग तीन सप्ताह में अब तक 32 देशों से चार हजार से अधिक पंजीकरण प्राप्त हो चुके हैं। यह तीन दिवसीय आयोजन जयपुर में आगामी आठ से दस दिसंबर तक होगा जिसमें मुख्य कार्यक्रम 10 दिसंबर को सीतापुरा स्थित जयपुर एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर में आयोजित किया जायेगा। सक्सैना ने कहा कि प्रवासी राजस्थानी दिवस केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि दुनिया भर में बसे राजस्थानियों को अपनी जड़ों से जोडऩे और प्रदेश की विकास यात्रा में सहभागी बनाने का महत्वपूर्ण अवसर है। प्रवासी राजस्थानियों की विशेषज्ञता, उद्यमशीलता, निवेश और वैश्विक अनुभव को राजस्थान के विकास से जोडऩा राज्य सरकार की प्राथमिकता है। कुछ ही दिनों में चार हजार से अधिक पंजीकरण इस बात का प्रमाण हैं कि प्रवासी समुदाय अपने गृह प्रदेश की प्रगति में सक्रिय योगदान देने के लिए उत्साहित है।
प्रवासी राजस्थानी दिवस का आयोजन राष्ट्रीय एवं अंतराष्ट्रीय प्रवासी राजस्थानी कार्य विभाग (डोरा), राजस्थान फाउंडेशन, ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टमेंट प्रमोशन (बीआईपी) तथा राज्य के उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। इसमें प्रवासी राजस्थानियों के अलावा उद्योगपति, निवेशक, उद्यमी, पेशेवर, नीति-निर्माता और सरकारी प्रतिनिधि शामिल होंगे।

Comment List