हरियाली अमावस्या पर विधानसभा परिसर में वासुदेव देवनानी ने लगाए आम के पौधे, हरित राजस्थान के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान
राजस्थान की लोकपरंपरा में भी इसका विशेष महत्व
जयपुर। हरियाली अमावस्या के अवसर पर राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने विधानसभा परिसर में पौधारोपण किया। उन्होंने परिसर में आम के पौधे लगाए और पर्यावरण संरक्षण तथा हरित राजस्थान के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता जताई।
देवनानी ने कहा कि हरियाली अमावस्या भारतीय लोकजीवन में प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और उसके संरक्षण का पर्व है। वर्षा ऋतु में मनाया जाने वाला यह पर्व हरियाली, वृक्षारोपण और प्रकृति के संवर्धन से जुड़ा है। राजस्थान की लोकपरंपरा में भी इसका विशेष महत्व है। इस अवसर पर लोग पौधारोपण कर प्रकृति संरक्षण और पर्यावरण को समृद्ध बनाने का संकल्प लेते हैं।
उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण को सदैव विशेष महत्व दिया गया है। वृक्ष पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने के साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य की आधारशिला भी हैं। ऐसे पर्व हमें प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी का स्मरण कराते हैं।
विधानसभा अध्यक्ष ने अधिकाधिक पौधे लगाने के साथ उनके संरक्षण और संवर्धन पर भी जोर दिया। विधानसभा परिसर में आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम के जरिए पर्यावरण संरक्षण, वृक्ष संवर्धन और हरित परिसर के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश दिया गया। इस अवसर पर राजस्थान विधानसभा के प्रमुख सचिव भारत भूषण शर्मा और विशिष्ट सहायक के.के. शर्मा ने भी आम के पौधे लगाए।

Comment List