ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन का एक बैच गंभीर रूप से अमानक घोषित, प्रदेशभर में सतर्कता नोटिस जारी
औषधि नियंत्रण अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्तालय, राजस्थान ने ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन के एक बैच को गंभीर रूप से अमानक घोषित करते हुए प्रदेशभर में सतर्कता नोटिस जारी। विभाग ने सभी सहायक औषधि नियंत्रकों और औषधि नियंत्रण अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश।
जयपुर। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्तालय, राजस्थान ने ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन के एक बैच को गंभीर रूप से अमानक घोषित करते हुए प्रदेशभर में सतर्कता नोटिस जारी किया है। विभाग ने सभी सहायक औषधि नियंत्रकों और औषधि नियंत्रण अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। जारी नोटिस के अनुसार, राजकीय विश्लेषक, औषधि परीक्षण प्रयोगशाला, जयपुर की परीक्षण रिपोर्ट में “ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन आईपी 5 आईयू प्रति मिलीलीटर (टोसिन)” बैच संख्या आई-7881 गुणवत्ता मानकों पर खरा नहीं पाया गया।
यह दवा मैसर्स जैक्सन लेबोरेट्रीज प्राइवेट लिमिटेड, अमृतसर द्वारा निर्मित है। दवा का निर्माण नवंबर 2025 तथा उपयोग की अंतिम तिथि अक्टूबर 2027 है। रिपोर्ट में बताया गया है कि दवा का नमूना भारतीय औषध संहिता के मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया, क्योंकि इसमें ऑक्सीटोसिन (कृत्रिम) तत्व नहीं मिला। विभाग ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम 1940 तथा नियम 1945 के प्रावधानों के तहत तत्काल कार्रवाई करें और संबंधित निर्माता की अन्य दवाओं के नमूने भी जांच के लिए एकत्रित करें।

Comment List