पंचायत चुनाव : कांग्रेस में टिकट के लिए ऑनलाइन आवेदन अनिवार्य, गोविन्द सिंह डोटासरा ने जारी किया क्यूआर कोड
दावेदारों की छंटनी की प्रक्रिया शुरू
जयपुर। पंचायत चुनाव का बिगुल बजने के साथ कांग्रेस ने टिकट के दावेदारों की छंटनी की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने रविवार को पंचायत समिति सदस्य, प्रधान और जिला परिषद सदस्य के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू करते हुए पार्टी की वेबसाइट का क्यूआर कोड जारी किया। उन्होंने साफ किया कि ऑनलाइन आवेदन नहीं करने वाले दावेदारों की उम्मीदवारी पर विचार नहीं किया जाएगा। पार्टी के अनुसार दावेदारों को वेबसाइट पर आवेदन करने के बाद उसका प्रिंट निकालकर ऑफ लाइन आवेदन भी संबंधित जिलाध्यक्ष, विधायक, सांसद, जिला प्रभारी अथवा अन्य पार्टी नेताओं को देना होगा।
आवेदन में मतदाता क्रमांक, एपिक नंबर, स्थायी पता, वार्ड और क्षेत्र की जानकारी सही देना अनिवार्य होगा। गलत जानकारी मिलने पर आवेदन निरस्त किया जा सकता है। डोटासरा ने कहा कि निकाय चुनाव की तर्ज पर पंचायत चुनाव में भी ऑनलाइन प्रक्रिया से प्रत्याशी चयन किया जाएगा।

Comment List