ऑनलाइन परीक्षा फर्जीवाड़ा : 25,000 का इनामी अपराधी गिरफ्तार, परीक्षा में नकल करवाने की साजिश रचने का आरोप ; हैकर की मदद से परीक्षा सॉफ्टवेयर में हेरफेर
प्रत्येक छात्र से 50,000 रुपये एडवांस लिए गए
जिला जयपुर पश्चिम में वांछित एवं इनामी अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत डीएसटी टीम को बड़ी कामयाबी मिली है। टीम ने 25,000 रुपये के इनामी और फरार चल रहे अपराधी अनुज उर्फ अनोज बिजारणिया को गिरफ्तार कर लिया है। ऑनलाइन परीक्षा में नकल करवाने की साजिश रचने का आरोप है।
जयपुर। जिला जयपुर पश्चिम में वांछित एवं इनामी अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत डीएसटी टीम को बड़ी कामयाबी मिली है। टीम ने 25,000 रुपये के इनामी और फरार चल रहे अपराधी अनुज उर्फ अनोज बिजारणिया को गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस उपायुक्त पश्चिम हनुमान प्रसाद ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, अपराध शाखा के निर्देशों पर सक्रिय बदमाशों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम आलोक सिंगल के नेतृत्व में डीएसटी प्रभारी गणेश सैनी सहित तकनीकी टीम गठित की गई थी। टीम ने मुखबिर तंत्र, तकनीकी इनपुट व थाना रिकॉर्ड के आधार पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल की।
ऑनलाइन परीक्षा में फर्जीवाड़े का आरोपी
गिरफ्तार आरोपी अनुज बिजारणिया, नीमकाथाना (सीकर) नेशनल सील्ड/सीड्स कॉरपोरेशन लिमिटेड में एग्री ट्रेनी के पद पर कार्यरत था। आरोपी पर 5 जनवरी 2025 को आयोजित संस्था की ऑनलाइन परीक्षा में नकल करवाने की साजिश रचने का आरोप है। आरोपी ने अपने परिचित राजेंद्र कुमार के साथ मिलकर एक एग्रीकल्चर शिक्षक को करधनी स्थित कृष्णा रेजिडेंसी फ्लैट पर बुलाकर पेपर हल करवाने के बदले 1.50 लाख रुपये का प्रलोभन दिया। शिक्षक को योजना पर संदेह होने पर उसने पेपर हल करने से इनकार कर दिया। जांच में सामने आया कि आरोपीगण ने कम्प्यूटर सेंटर संचालकों और एक हैकर की मदद से परीक्षा सॉफ्टवेयर में हेरफेर कर अभ्यर्थियों को नकल करवाने का प्रयास किया था। इसके बदले प्रत्येक छात्र से 50,000 रुपये एडवांस लिए गए थे।

Comment List