जयपुर के जिला सरकारी अस्पतालों में ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन हुआ शुरू, मरीजों को राहत
प्रमुख स्थानों पर क्यूआर कोड लगाए गए
सरकारी अस्पतालों में मरीजों के लिए अब ओपीडी पर्ची के लिए लंबी कतारों में खड़ा होने की आवश्यकता नहीं। चिकित्सा विभाग ने आभा आधारित ऑनलाइन पंजीयन सुविधा शुरू की। QR कोड स्कैन कर मरीज टोकन नंबर से चिकित्सक से जांच और परामर्श ले सकेंगे।
जयपुर। राजधानी जयपुर के सरकारी अस्पतालों में अब मरीजों और तीमारदारों को ओपीडी पर्ची बनवाने के लिए लंबी कतारों में खड़ा नहीं होना पड़ेगा। चिकित्सा विभाग ने आभा आधारित ऑनलाइन पंजीयन सुविधा शुरू कर दी है। इसके तहत अस्पतालों के ओपीडी पर्ची केंद्रों और अन्य प्रमुख स्थानों पर क्यूआर कोड लगाए गए हैं, जिन्हें स्कैन करते ही मरीज का ऑनलाइन पंजीयन हो जाएगा। इसके बाद मरीज टोकन नंबर के आधार पर संबंधित चिकित्सक से जांच और परामर्श ले सकेंगे।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रवि शेखावत ने बताया कि आयुष्मान भारत स्वास्थ्य कार्ड योजना के तहत लोगों के आभा कार्ड भी बनाए जा रहे हैं, जिससे प्रत्येक व्यक्ति का अलग स्वास्थ्य अकाउंट तैयार होगा। नई व्यवस्था लागू होने से मरीजों का समय बचेगा और अस्पतालों में भीड़ व अव्यवस्था में कमी आएगी, विशेषकर मौसमी बीमारियों के दौरान।

Comment List