न्यू सांगानेर रोड चौड़ीकरण का विरोध तेज, जेडीए ने लगाए लाल निशान; 200 से अधिक दुकानों पर संकट
जेडीए की कार्रवाई पर व्यापारियों का प्रदर्शन
जयपुर। सोडाला से गुर्जर की थड़ी तक करीब 2.3 किलोमीटर लंबी न्यू सांगानेर रोड को 160 फीट चौड़ा करने की प्रस्तावित योजना का विरोध तेज हो गया है। रविवार को जेडीए की टीम मौके पर पहुंची और अतिक्रमणों को चिह्नित करने के लिए लाल निशान लगाने शुरू किए। इसका स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने विरोध किया। लोगों ने स्थानीय विधायक के खिलाफ नारेबाजी भी की। बाद में पुलिस की समझाइश से मामला शांत हुआ।
जेडीए की प्लानिंग में 200 से अधिक दुकानें प्रभावित श्रेणी में हैं। इनमें कई दुकानें छह से सात दशक पुरानी हैं। कई दुकानों के ऊपर लोगों के मकान भी बने हुए हैं। हाईकोर्ट के निर्देशों के बाद जेडीए को मामले में रिपोर्ट पेश करनी है। इसके चलते स्थानीय लोगों में तोड़फोड़ की आशंका बढ़ गई है। व्यापारियों ने कहा कि वे विकास कार्य के विरोध में नहीं हैं, लेकिन तोड़फोड़ से पहले वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था सहित अन्य विकल्पों पर विचार किया जाना चाहिए। उन्होंने मुआवजा और पुनर्वास नीति पहले घोषित करने की मांग की।
स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्षों की मेहनत से खड़े किए गए मकान और प्रतिष्ठान प्रभावित होने से रोजगार, आजीविका और आवास का संकट खड़ा हो सकता है।

Comment List