अंगदाता सम्मान समारोह : मृत्यु के बाद भी जीवन देने वाले परिवारों को मिलेगा सम्मान
सेवाभावी डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों को भी सम्मानित किया जाएगा
जयपुर। किसी प्रियजन को खोने के दुख के बीच अंगदान का निर्णय लेकर दूसरों को नया जीवन देने वाले परिवारों को 28 नवंबर को जीवनदाता परिवार सम्मान 2026 से सम्मानित किया जाएगा। 2030 का भारत की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में अंग या टिश्यू दान करने वाले परिवारों के साथ अंगदान के प्रति जागरूकता फैलाने वाले लोगों तथा चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े सेवाभावी डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों को भी सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में तीन श्रेणियों में सम्मान दिए जाएंगे। जीवनदाता परिवार सम्मान उन परिवारों को मिलेगा, जिन्होंने प्रियजन के निधन के बाद अंग या टिश्यू दान की सहमति दी। जीवन प्रेरणा सम्मान अंगदान के प्रति जागरूकता और समाज को प्रेरित करने में योगदान देने वाले व्यक्तियों व परिवारों को दिया जाएगा।
वहीं, जीवन सारथी सम्मान के तहत डॉक्टर, सर्जन, ट्रांसप्लांट कोऑर्डिनेटर, काउंसलर और स्वास्थ्य सेवा से जुड़ी टीमों को सम्मानित किया जाएगा। संस्था के संस्थापक डॉ. अतुल मलिकराम ने कहा कि ऐसे परिवार मानवता की मिसाल हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य अंगदान से जुड़ी भ्रांतियां दूर कर लोगों को सही जानकारी देना और समाज में अंगदान के प्रति सकारात्मक माहौल तैयार करना है।

Comment List