राजस्थान को एक वर्ल्ड-क्लास पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करना हमारा लक्ष्य : एग्जीबिशन में 50 से अधिक देशों के टूर ऑपरेटर्स बायर्स के रूप में करेंगे शिरकत, ट्रैवल बाजार के उद्घाटन में बोलीं दीया कुमारी
जीडीपी में योगदान को 5.2 प्रतिशत से बढ़ाकर 10 प्रतिशत तक ले जाने भारत का लक्ष्य
द ग्रेट इंडियन ट्रैवल बाजार (GITB) के 15वें संस्करण का उद्घाटन हुआ। उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने राजस्थान को वर्ल्ड-क्लास टूरिज्म डेस्टिनेशन बनाने की प्रतिबद्धता जताई। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने निवेश-अनुकूल नीतियों व मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर को विकास का आधार बताया। भारत का लक्ष्य पर्यटन का जीडीपी योगदान 10% तक बढ़ाना है। प्रदर्शनी सोमवार से JECC, सीतापुरा में शुरू होगी।
जयपुर। द ग्रेट इंडियन ट्रैवल बाजार (जीआईटीबी) के माध्यम से निवेश, रोजगार और वैश्विक साझेदारियों को बढ़ावा देते हुए प्रदेश सरकार राजस्थान को एक वर्ल्ड-क्लास टूरिज्म डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने रविवार को द ग्रेट इंडियन ट्रैवल बाजार के 15वें संस्करण के होटल जय महल पैलेस में उद्घाटन सत्र में यह कहा। इस अवसर पर मुख्य सचिव वी.श्रीनिवास ने कहा कि राजस्थान आज केवल अपनी ऐतिहासिक विरासत के कारण ही नहीं, बल्कि निवेश-अनुकूल नीतियों, सरल प्रक्रियाओं, समयबद्ध निर्णय व्यवस्था और मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर के कारण एक आकर्षक, वर्षभर सक्रिय पर्यटन गंतव्य के रूप में उभर रहा है।
अतिरिक्त सचिव एवं महानिदेशक, पर्यटन मंत्रालय सुमन बिल्ला ने कहा कि भारत का लक्ष्य अगले 10 वर्षों में पर्यटन के जीडीपी में योगदान को 5.2 प्रतिशत से बढ़ाकर 10 प्रतिशत तक ले जाने का है। शासन सचिव, पर्यटन शुचि त्यागी ने कहा कि राजस्थान सरकार ने पर्यटन को ग्रोथ इंजन सेक्टर के रूप में प्राथमिकता दी है। जिससे नीति, निवेश और स्थानीय सहभागिता एक साथ आगे बढ़ें। एग्जीबिशन का उद्घाटन सोमवार को सीतापुरा स्थित जयपुर एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (जेईसीसी) में सुबह 11 बजे किया जाएगा।

Comment List