पंचायत व निकाय उपचुनाव परिणाम : भाजपा का जनाधार बरकरार, राठौड़ ने कहा-कांग्रेस को लगा झटका
जनता भाजपा की नीतियों एवं नेतृत्व में विश्वास जता रही है
उपचुनाव से पहले कांग्रेस के पास 19 सीटों में से 10 सीटें थीं जो अब घटकर 6 पर सिमट गई हैं।
जयपुर। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने पंचायती राज एवं नगर निकाय उपचुनावों में भाजपा की जीत पर क्षेत्र की जनता को धन्यवाद देते हुए कहा कि एक बार फिर भाजपा पर विश्वास जताते हुए जनता ने समर्थन दिया है। हाल ही में जिला परिषद, पंचायत समिति और नगर पालिका के कुल 19 वार्डों में उपचुनाव हुए थे। इनमें से 7 वार्डों पर भाजपा ने विजय प्राप्त की, जबकि कांग्रेस को केवल 6 सीटें ही मिल सकीं और शेष 6 सीटों पर अन्य प्रत्याशियों को सफलता मिली है।
उपचुनाव से पहले कांग्रेस के पास 19 सीटों में से 10 सीटें थीं जो अब घटकर 6 पर सिमट गई हैं। कांग्रेस को 4 सीटों का नुकसान हुआ है, जबकि भाजपा ने अपना जनाधार बरकरार रखते हुए 7 सीटों पर विजय प्राप्त की। यह परिणाम इस बात का स्पष्ट संकेत है कि विपक्ष का जनाधार लगातार घटता जा रहा है और जनता भाजपा की नीतियों एवं नेतृत्व में विश्वास जता रही है।

Comment List