परिवहन और पुलिस में समानांतर कार्रवाई, कार्य बहिष्कार समाप्त
बैठक में दोनों पक्षों की भूमिका पर चर्चा
जयपुर। राजस्थान परिवहन निरीक्षक संघ के लंबे समय से चल रहे कार्य बहिष्कार का शुक्रवार को अंत हो गया। कानोता थाना प्रकरण में पुलिस और परिवहन विभाग ने समानांतर कार्रवाई करते हुए एक ओर कानोता थानाधिकारी मुनीन्द्र सिंह को लाइन हाजिर कर दिया, वहीं परिवहन विभाग ने परिवहन निरीक्षक रामसिंह मीणा को एपीओ (प्रतीक्षारत पदस्थापन आदेश) कर दिया। परिवहन आयुक्त पुरुषोत्तम शर्मा ने रामसिंह मीणा को एपीओ करने के आदेश जारी किए। गौरतलब है कि गुरुवार को गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव भास्कर ए. सावंत की अध्यक्षता में हुई बैठक में दोनों पक्षों की भूमिका पर चर्चा हुई थी। बैठक में दोनों अधिकारियों को प्रथम दृष्टया दोषी मानते हुए उचित कार्रवाई करने की बात कही गई थी।
इसी के आधार पर पुलिस और परिवहन विभाग ने अपने-अपने स्तर पर कार्रवाई की। उधर, पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल ने कानोता थानाधिकारी मुनीन्द्र सिंह को लाइन हाजिर करने के आदेश जारी किए। परिवहन निरीक्षक संघ पिछले कई दिनों से मुनीन्द्र सिंह को हटाने की मांग को लेकर कार्य बहिष्कार कर रहा था। दोनों विभागों की कार्रवाई के बाद परिवहन निरीक्षक संघ ने अपना आंदोलन समाप्त करने की घोषणा कर दी है। संघ के प्रदेशाध्यक्ष रोबिन सिंह ने बताया कि उनकी प्रमुख मांग पर कार्रवाई हो चुकी है, इसलिए कार्य बहिष्कार समाप्त किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर के परिवहन निरीक्षक सोमवार से अपने-अपने कार्यालयों में लौटकर नियमित कार्य शुरू करेंगे, जिससे परिवहन विभाग की सेवाएं और लंबित कार्य फिर से सामान्य हो सकेंगे।

Comment List