धरना स्थल पर गिरे पीसीसी चीफ गोविंद डोटासरा, पैर में चोट; भाजपा पर जमकर हमला
पुलिस सुरक्षा व्यवस्था कड़ी किए
जयपुर। रितु बराला मामले में जीरो एफआईआर दर्ज कराने की मांग को लेकर जयपुर पुलिस कमिश्नरेट में जारी कांग्रेस के धरने में बुधवार सुबह घटना हुई। पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा परिसर में चलते समय पैर फिसलने से गिर गए। इस दौरान उनके पैर (पंजे) में चोट लग गई। मौके पर मौजूद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने तुरंत उन्हें सहारा दिया और धरना स्थल तक पहुंचाया।
यह धरना सोमवार शाम से जारी है। एनएसयूआई राष्ट्रीय सचिव रितु बराला (झुंझुनूं निवासी) के साथ दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस की महिला कांस्टेबल द्वारा कथित मारपीट और अभद्रता के मामले में जयपुर में जीरो एफआईआर दर्ज कराने की मांग पर कांग्रेस अड़ी हुई है। डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता लगातार दूसरी-तीसरी रात कमिश्नरेट परिसर में ही गद्दे बिछाकर गुजार रहे हैं। राहुल गांधी के फोन के बाद डोटासरा ने इस मुद्दे पर सक्रियता दिखाई थी। पुलिस का कहना है कि दिल्ली में संबंधित मामले में कार्रवाई हो रही है, जबकि कांग्रेस अलग एफआईआर की मांग कर रही है। मंगलवार को कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई, जिसमें कुछ कार्यकर्ता घायल हुए।
घटना के बाद डोटासरा ने मीडिया से बातचीत की। चोटिल होने के बावजूद उन्होंने भाजपा नेताओं, खासकर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ पर हमला बोला। उन्होंने भाजपा सरकार और पुलिस प्रशासन पर राजस्थान की बेटी को न्याय दिलाने में आनाकानी का आरोप लगाया तथा विपक्षी नेताओं पर निशाना साधा। डोटासरा ने दोहराया कि जब तक एफआईआर दर्ज नहीं होती, धरना जारी रहेगा। वे राजस्थान की बेटी को न्याय दिलाने की लड़ाई लड़ रहे हैं। धरना स्थल पर कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे और नारेबाजी जारी रही। पुलिस सुरक्षा व्यवस्था कड़ी किए हुए है।

Comment List