राजस्थान के जनजातीय क्षेत्रों में विकास को गति दे रहा पीएम-जनमन, 324 गांवों में पीवीटीजी समुदाय को मिल रही मूलभूत सुविधाएं : भजनलाल
आधारभूत सुविधाओं का विस्तार
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य के विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (पीवीटीजी) तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने और उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम-जनमन) बारां जिले में रह रहे सहरिया पीवीटीजी जनजाति तक विकास का उजियारा पहुंचाने में कारगार साबित हुआ है। पीएम-जनमन के अंतर्गत बारां जिले के किशनगंज सहित 8 ब्लॉकों में आवास, सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और आंगनबाड़ी जैसी आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
राजस्थान में सहरिया पीवीटीजी जनजाति की आबादी लगभग 1 लाख 30 हजार है, जो बारां जिले की 149 ग्राम पंचायतों के 324 राजस्व ग्रामों में निवास करते हैं। पीएम-जनमन के अंतर्गत राज्य में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत 14 हजार 671 आवासों का निर्माण पूर्ण हो चुका है। स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में 4 हजार से अधिक परिवारों को नल कनेक्शन तथा 16 हजार से अधिक वंचित एवं पात्र परिवारों को विद्युत कनेक्शन जारी किए गए हैं। साथ ही, जनजातीय क्षेत्रों में सड़क संपर्क को मजबूत करने के लिए 22 सड़कों का कार्य पूर्ण हो चुका है।

Comment List