बीसलपुर बांध पर PMO का विशेष फोकस, 100 करोड़ के पायलट प्रोजेक्ट से किसानों को लाभ
बारिश के दौरान जल प्रबंधन सुचारू
प्रधानमंत्री कार्यालय ने देश के 32 प्रमुख बांधों पर विशेष फोकस करते हुए ‘मॉडर्नाइजेशन ऑफ एरिया डेवलपमेंट’ से जुड़े पायलट प्रोजेक्ट को प्राथमिकता दी। राजस्थान से इस योजना में एकमात्र बीसलपुर बांध को शामिल।
जयपुर। प्रधानमंत्री कार्यालय ने देश के 32 प्रमुख बांधों पर विशेष फोकस करते हुए ‘मॉडर्नाइजेशन ऑफ एरिया डेवलपमेंट’ से जुड़े पायलट प्रोजेक्ट को प्राथमिकता दी है। राजस्थान से इस योजना में एकमात्र बीसलपुर बांध को शामिल किया गया है। परियोजना की मॉनिटरिंग सीधे PMO स्तर से की जा रही है और हर माह प्रगति रिपोर्ट मांगी जा रही है। परियोजना के महत्व को देखते हुए PM कार्यालय के मुख्य अभियंता बीसी विश्वकर्मा 30 अप्रैल को बीसलपुर के कमांड एरिया का दौरा करेंगे।
इस पायलट प्रोजेक्ट के तहत बीसलपुर परियोजना की दायीं मुख्य नहर के करीब 5 हजार हेक्टेयर क्षेत्र को शामिल किया गया है, जहां फव्वारा (स्प्रिंकलर) पद्धति से सिंचाई सुविधा विकसित की जाएगी। लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले इस कार्य से 10,500 किसानों को सीधा लाभ मिलेगा और जल उपयोग दक्षता में भी सुधार होगा। वहीं, मानसून पूर्व तैयारियों के तहत बीसलपुर बांध के रखरखाव कार्य भी शुरू कर दिए गए हैं। करीब 22 लाख रुपये की लागत से बांध की मरम्मत की जाएगी। इसके साथ ही बांध से जुड़ी 70 नहरों का सुधार कार्य और रेडियल गेटों की मरम्मत एवं परीक्षण भी किया जाएगा, ताकि बारिश के दौरान जल प्रबंधन सुचारू रूप से हो सके।

Comment List