पौंड्रिक उद्यान : बदहाली का शिकार, सुविधाओं के अभाव में परेशान हो रहे सैर करने वाले
दीवारों की टाइल्स टूटकर बिखरी पड़ी
जयपुर। शहर के प्रमुख उद्यानों में शामिल पौंड्रिक उद्यान इन दिनों बदहाली का शिकार नजर आ रहा है। शहरवासियों के लिए सुबह-शाम सैर योग और मनोरंजन का प्रमुख केंद्र माना जाने वाला यह उद्यान रखरखाव के अभाव में अपनी चमक खोता जा रहा है। उद्यान में लगे फव्वारे लंबे समय से बंद पड़े हैं, जिससे इसकी सुंदरता प्रभावित हो रही है। कई स्थानों पर दीवारों की टाइल्स टूटकर बिखरी पड़ी हैं, जो उद्यान की खराब स्थिति को दर्शाती हैं। उद्यान में आवारा कुत्तों के झुंड खुलेआम घूमते दिखाई देते हैं। सुबह और शाम टहलने आने वाले लोगों बच्चों तथा लोगों को इससे असुविधा और भय का सामना करना पड़ता है।
इसके अलावा पार्क परिसर में कई जगह बिजली के बॉक्स खुले पड़े हैं, जो किसी भी समय हादसे का कारण बन सकते हैं। सुरक्षा की दृष्टि से यह स्थिति बेहद चिंताजनक मानी जा रही है। उद्यान की जमीन पर चूहों ने कई स्थानों पर बिल बना रखे हैं, जिससे हरित क्षेत्र को नुकसान पहुंच रहा है। संबंधित विभाग को उद्यान की नियमित देख रेख मरम्मत और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देना चाहिए, ताकि शहर के इस प्रमुख उद्यान की गरिमा बनी रहे और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

Comment List