20 सितंबर को गूंजेगी सुरों की खुशनुमा शाम, ‘गज़लनामा, गज़ल एवं गीत की संगीत संध्या’ का पोस्टर लॉन्च
कलाकार अपनी कला, वाद्यों और सुरों से संगीत संध्या को यादगार बनाएंगे
जयपुर। द कलामंच, जयपुर द्वारा आयोजित ‘ग़ज़लनामा, ग़ज़ल एवं गीत की संगीत संध्या’ का पोस्टर अजमेर रोड स्थित होटल अमर पैलेस में जारी किया गया। सुरीले नगमों से सजी यह खुशनुमा संगीत संध्या 20 सितंबर को महाराणा प्रताप सभागार, विद्याश्रम में शाम 6.15 बजे आयोजित होगी। इसमें मुंबई, वाराणसी, दिल्ली, अजमेर और जोधपुर से पधारे गायक एवं संगीतकार अपनी कला का उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे। पोस्टर अनावरण के दौरान मंच के फाउंडर राजेश शर्मा एवं सतीन्द्र सिंह ने कार्यक्रम की रूपरेखा साझा की। उन्होंने बताया कि इस संगीत संध्या की रौनक मुंबई के मशहूर ग़ज़ल गायक एवं प्लेबैक सिंगर जसविंदर सिंह बढ़ाएंगे। उन्हें इस अवसर पर महान संगीतकार एवं ग़ज़ल सम्राट श्री मदन मोहन सम्मान-2026 से सम्मानित किया जाएगा। इस महफ़िल में वाराणसी से वायलिन वादक डॉ. पं. सुखदेव प्रसाद मिश्र, दिल्ली से शास्त्रीय गायक डॉ. अतुल शंकर, मुंबई से तबला वादक आशीष रागवानी एवं रवि इंदौरकर, कीबोर्ड पर उमा देवराज, तथा अजमेर से ललित कुमार शर्मा एवं नरेंद्र कुमार जैन शिरकत करेंगे। सभी कलाकार अपनी कला, वाद्यों और सुरों से इस संगीत संध्या को यादगार बनाएंगे।
राजेश शर्मा ने कहा कि मुंबई, वाराणसी, दिल्ली, अजमेर और जोधपुर के फनकारों का एक साथ मंच साझा करना अपने आप में एक अद्भुत अनुभव होगा। ग़ज़ल एवं गीत की संगीतमय प्रस्तुति संगीत प्रेमियों को सुरों और भावनाओं की गहराई से रूबरू कराएगी। पोस्टर लॉन्च का कार्यक्रम द कलामंच, जयपुर के सभी सदस्यों की सहभागिता से संपन्न हुआ।

Comment List