डीजल का स्टॉक नहीं होने के पोस्टर लगे : पेट्रोल पंपों पर सप्लाई में देरी, बेचान पर पाबंदियां
पंप पर कहीं पेट्रोल तो कहीं डीजल नहीं मिल रहा
अमेरिका-ईरान युद्ध के बीच क्रूड ऑयल महंगा होने से पेट्रोल-डीजल की सप्लाई प्रभावित। कई पंपों पर पेट्रोल या डीजल खत्म, कुछ पर केवल प्रीमियम उपलब्ध। खुले में ईंधन देने पर रोक, प्रति उपभोक्ता मात्रा सीमित। एक सप्ताह में पेट्रोल 4.19 और डीजल 3.93 रुपए महंगा।
जयपुर। अमेरिका-ईरान युद्ध के चलते क्रूड ऑयल क्राइसिस बना हुआ है, लेकिन बावजूद इसके पेट्रोलियम कंपनियां पर्याप्त उपलब्धता का दावा कर रहीं हैं। बीते दिन खुद आईओसीएल के कार्यकारी निदेशक व राज्यस्तरीय समन्वयक मनोज गुप्ता ने भी यह दावा किया था। लेकिन पेट्रोल पंपों पर सप्लाई में देरी, मांग में कमी नहीं होने और कंपनियों की बेचान पर तय की गई पाबंदियों के चलते जयपुर में कई पंपों पर पेट्रोल तो कई पर डीजल बीत गया है। करीब दस ऐसे पंप हैं, जहां महंगा प्रीमियम पेट्रोल ही मौजूद है। गोपालपुरा के रिद्धि-सिद्धि चौराहे पर आईओसीएल के पंप पर सामान्य पेट्रोल नहीं है। गोपालपुरा बाईपास के पंप पर डीजल नहीं मिल रहा। मंगलवार को मशीन पर पंप डीलर ने स्टॉक नहीं होने का पोस्टर भी लगा दिया। मानसरोवर, कालवाड़ रोड़, अजमेर रोड, आगरा रोड के पंपों पर भी स्टॉक में कम पेट्रोल हैं, इसका मुख्य कारण कंपनी की सप्लाई में देरी है। जहां पहले रोजाना पंपों पर ईंधन बुकिंग के साथ सप्लाई हो जाता था, अब दो-तीन दिन में हो रहा है। ऐसे में मांग के अनुरूप रोजाना सप्लाई नहीं होने से हालात बिगड़े हैं।
क्रूड महंगा होने से घटी सप्लाई :
राजस्थान पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के संरक्षक सुनीत बगई की माने तो क्रूड ऑयल महंगा होने से कंपनियों को भारी घाटा हो रहा है। बाजार की डिमांड बरकरार है। इसलिए किल्लत खड़ी हो रही है।
खुले में ईंधन देने पर रोक :
जानकारी के अनुसार, कंपनियों ने पंपों से खुले में ईंधन देने से मना किया है। ऐसे में किसानों, सरकारी उपक्रमों, निजी कंपनियों को ईंधन नहीं मिल रहा है। प्रति उपभोक्ता पेट्रोल-डीजल देने की मात्रा भी तय कर दी है। पिछली साल की प्रति पंप खपत से ज्यादा सप्लाई भी नहीं करने के आदेश कंपनियों के हैं।
5 दिन में 4.19 पेट्रोल, 3.92 रुपए डीजल महंगा :
जयपुर में पेट्रोल 94 पैसे और डीजल 91 पैसे और बढ़ गए है। पांच दिन पहले पेट्रोल 3.25 और डीजल 3.02 रुपए महंगा हुआ था। इस तरह से एक सप्ताह के भीतर दाम 4.19 रूपए, डीजल के दाम 3.93 पैसे बढ़ गए हैं। जैसलमेर में 110.38 और श्रीगंगानगर-हनुमानगढ़ में पेट्रोल में 110.40 रुपए प्रतिलीटर हो गया है। वहीं जैसलमेर, बाड़मेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, बीकानेर, सवाईमाधोपुर में डीजल 95 रुपए पार पहुंच गया है।

Comment List