वित्त लेखे 2025-26 की तैयारी तेज : सरकार ने विभागों से मांगी अहम सूचनाएं, तत्काल उपलब्ध कराने के दिए निर्देश
आवश्यक सूचनाएं शीघ्र भेजे सभी विभाग
लेखे समय पर तैयार करने के लिए राज्य सरकार सख्त हुई है। वित्त विभाग ने सभी विभागों को जरूरी सूचनाएं तत्काल भेजने के निर्देश दिए हैं। मई में प्रस्तावित एंट्री कॉन्फ्रेंस से पहले अव्ययित राशि, अपूर्ण कार्य, परिसंपत्तियों की स्थिति व जियो-टैगिंग सहित अहम डेटा उपलब्ध कराना अनिवार्य किया गया है।
जयपुर। वित्त लेखे वर्ष 2025-26 को समयबद्ध और सटीक रूप से तैयार करने के लिए राज्य सरकार ने विभागों से जरूरी सूचनाएं तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। वित्त विभाग (आय-व्ययक अनुभाग) की ओर से इस संबंध में आदेश जारी किया गया है। यह कार्रवाई प्रधान महालेखाकार (लेखा एवं हक) राजस्थान, जयपुर के 17 अप्रैल 2026 के अर्द्ध-शासकीय पत्र के संदर्भ में की गई है। प्रधान महालेखाकार कार्यालय ने बजट 2025-26 की समीक्षा और वित्त लेखे तैयार करने के लिए मई 2026 में एंट्री कॉन्फ्रेंस प्रस्तावित की है। इसके मद्देनजर सभी विभागों से आवश्यक सूचनाएं शीघ्र भेजने को कहा गया है।
वित्त विभाग ने निर्देश दिए हैं कि विभाग अपने-अपने स्तर पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक जानकारी तत्काल संकलित कर प्रधान महालेखाकार कार्यालय को भेजने के लिए निर्देशित करें, जिन सूचनाओं की मांग की गई है, उनमें डीडीओ के बैंक खातों में अव्ययित राशि (Unspent Balance), स्टेटमेंट-डी में आश्वासन प्रमाण पत्र, विभागवार स्टोर/संपत्तियों के वार्षिक सत्यापन की स्थिति, अपूर्ण पूंजीगत कार्यों की सूची, सरकारी भूमि की बिक्री या लीज का विवरण तथा सरकारी परिसंपत्तियों की जियो-टैगिंग की स्थिति शामिल हैं। विशिष्ट शासन सचिव (बजट) शिवांगी स्वर्णकार ने सभी विभागों से इन बिंदुओं पर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है, ताकि वित्तीय लेखे निर्धारित समय में तैयार किए जा सकें।

Comment List