लॉरेंस गैंग का मोस्ट वांटेड गैंगस्टर अमेरिका में डिटेन, भारत लाने की तैयारी तेज
इंटरपोल के सहयोग से पकड़ा गैंगस्टर
जयपुर। राजस्थान पुलिस को संगठित अपराध और आपराधिक गिरोहों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी कामयाबी मिली है। लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सक्रिय सदस्य एवं लंबे समय से फरार चल रहे कुख्यात गैंगस्टर हरिचन्द जाट को अमेरिका में डिटेन किया गया है। राजस्थान एजीटीएफ के लगातार प्रयासों और इंटरपोल के साथ प्रभावी समन्वय के चलते यह कार्रवाई संभव हो सकी। डीजीपी राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार संगठित अपराध के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत एडीजीपी दिनेश एम.एन. के निर्देशन में राजस्थान एजीटीएफ ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं, एटीएस डीआईजी एवं इंटरपोल लाइजनिंग ऑफिसर योगेश यादव के सुपरविजन में गठित विशेष टीम ने आरोपी की लोकेशन और गतिविधियों से जुड़ी अहम जानकारियां जुटाईं।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए राजस्थान पुलिस ने रेड कॉर्नर नोटिस जारी करवाया था। इसके बाद इंटरपोल के माध्यम से करीब पांच देशों में 14 बार रेफरेंस भेजे गए। पुलिस की ओर से आरोपी के संबंध में प्रोविजनल अरेस्ट रिक्वेस्ट, अपडेटेड ब्रीफ डोजियर और फिंगरप्रिंट भी साझा किए गए थे। लगातार अंतरराष्ट्रीय समन्वय और पुलिस के प्रयासों के परिणामस्वरूप हरि बॉक्सर को अमेरिका में डिटेन किया गया है। फिलहाल उसे भारत लाने की कानूनी प्रक्रिया जारी है। इस कार्रवाई को राजस्थान पुलिस की संगठित अपराध के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Comment List