बैंक हड़ताल के बीच रविवार को खुलेंगे सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक, एटीएम शुल्क भी माफ
शनिवार को बैंकों का अवकाश
जयपुर। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) एवं अन्य यूनियनों की ओर से 28, 29 और 30 सितंबर 2026 को प्रस्तावित तीन दिवसीय देशव्यापी बैंक हड़ताल के मद्देनजर आम जनता को बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) और वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवा विभाग ने आपातकालीन उपाय लागू किए हैं।
लगातार पांच दिनों तक बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए आरबीआई ने सभी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों (पीएसबी) और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों (आरआरबी) को रविवार, 27 सितंबर 2026 को बैंकिंग लेनदेन संबंधी सभी आवश्यक कार्य सामान्य रूप से संचालित करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही हड़ताल की अवधि में राज्य के किसी भी बैंक के एटीएम से किए जाने वाले सभी लेनदेन पर सेवा शुल्क पूरी तरह माफ किए गए हैं।
राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति, राजस्थान ने बैंक ग्राहकों से अपील की है कि वे अपनी वित्तीय आवश्यकताओं के लिए वैकल्पिक डिजिटल माध्यमों का उपयोग करें। हड़ताल की पूरी अवधि में 24 घंटे सातों दिन यूपीआई, आईएमपीएस, आरटीजीएस, एनईएफटी, इंटरनेट बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग सेवाएं चालू और अप्रभावित रहेंगी।
नकद जमा और निकासी सहित बुनियादी बैंकिंग सेवाओं के लिए ग्राहक अपने स्थानीय क्षेत्र में सक्रिय किसी भी बैंक के बिजनेस कॉरेस्पॉन्डेंट (बीसी) नेटवर्क का लाभ उठा सकेंगे। हालांकि भौतिक रूप से बैंक शाखा में ही किए जाने वाले कार्य, जैसे चेक क्लियरेंस, व्यापार से जुड़े दस्तावेज और सुरक्षित लॉकर संचालन आदि के लिए ग्राहकों को पहले से योजना बनाने की सलाह दी गई है। बैंक ग्राहकों से कहा गया है कि वे अपनी आवश्यक बैंकिंग गतिविधियां रविवार, 27 सितंबर को कामकाज समाप्त होने से पहले पूरी कर लें।

Comment List