शुद्ध आहार-मिलावट पर वार अभियान : 2960 किलो सूजी, मैदा और बेसन सीज, 25 किलो खराब सामग्री नष्ट
चिकित्सा विभाग की टीमों ने सरना डूंगर इंडस्ट्रियल एरिया में की कार्रवाई
जयपुर। शुद्ध आहार-मिलावट पर वार अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने जयपुर में बड़ी कार्रवाई करते हुए 2960 किलो सूजी, मैदा और बेसन सीज किया। वहीं 25 किलो खराब खाद्य सामग्री नष्ट करवाई। विभागीय टीम ने एक ही दिन में चार प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के 7 नमूने लिए। कार्रवाई के दौरान सरना डूंगर औद्योगिक क्षेत्र स्थित महेश्वरी फूड प्रोडक्ट्स का लाइसेंस में दर्ज पता बंद मिला। जांच में सामने आया कि फर्म ने करीब छह महीने पहले विभाग को सूचना दिए बिना वीकेआई में दूसरी इकाई शुरू कर दी थी। यह इकाई खाद्य लाइसेंस में भी दर्ज नहीं थी। यहां अनियमितताएं मिलने पर 2960 किलो सूजी, मैदा और बेसन सीज किए गए और तीन नमूने लिए।
इसके अलावा, लक्ष्मी बेकर्स से नानखताई बिस्किट और वनस्पति के दो, रिद्धि सिद्धि स्वीट्स और दूध मिष्ठान भंडार से मावा मिठाई के एक-एक नमूने लिए । रिद्धि सिद्धि स्वीट्स से 25 किलो खराब सामग्री नष्ट करवाई गई।

Comment List