राजस्थान के 2200 वाहनों की मध्यप्रदेश में फिटनेस पर उठे सवाल, बिना पर्याप्त जांच फिटनेस देने के आरोप; विभागीय जांच की मांग तेज
उठ रहे जांच और राजस्व नुकसान के सवाल
जयपुर। राजस्थान के करीब 2200 वाहनों की अगस्त माह में मध्यप्रदेश के ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशनों पर फिटनेस किए जाने का मामला सामने आया है। 1 से 18 अगस्त के बीच हुई इन फिटनेस को लेकर चर्चा है कि इनमें से बड़ी संख्या में वाहनों की बिना पर्याप्त जांच किए ही फिटनेस कर दी गई। जानकारी के अनुसार वेदांती व्हीकल फिटनेस एसपीवी इंदौर में करीब 600, ग्वालियर में 350 से अधिक वाहनों की फिटनेस हुई।
वहीं, महाकाल इंटरप्राइजेज इंदौर में 150 से अधिक, मनाली इंडस्ट्रीज ग्वालियर में 550 से अधिक, सिंह गोल्डन ट्रांसपोर्ट कम्पनी इंदौर में 200 से अधिक और अरनेजा ऑटो लॉजिस्टिक्स इंदौर में करीब 200 से अधिक वाहनों की फिटनेस की गई। इसके अलावा संदीप ट्रेडर्स शिवपुरी में करीब 150 वाहनों की फिटनेस हुई। दूसरे राज्य में वाहनों की फिटनेस होने से राजस्थान सरकार को राजस्व का नुकसान होने की आशंका है। इसके साथ ही ग्रीन टैक्स से होने वाली आय प्रभावित होने के साथ वाहनों की वास्तविक जांच प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। विभागीय स्तर पर इसकी जांच की जरूरत बताई जा रही है।

Comment List