जयपुर में देर शाम बारिश: रात तक बूंदाबांदी, आज भी कई जगह बारिश की संभावना
राजस्थान में राहत: बारिश से लुढ़का पारा, गर्मी से मिली छुट्टी
पश्चिमी विक्षोभ के असर से जयपुर सहित राजस्थान के कई हिस्सों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी हुई। झुंझुनूं के मंडावा में सर्वाधिक 18mm वर्षा दर्ज की गई, जिससे तापमान में 4°C तक की गिरावट आई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले एक सप्ताह तक हीटवेव की कोई संभावना नहीं है, जिससे आमजन को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली है।
जयपुर। राज्य में पश्चिमी विक्षोभ के असर से शनिवार को राजधानी जयपुर में देर शाम हल्की बारिश हुई। इसके बाद बूंदाबांदी देर रात तक चलती रही। दिनभर बादलों के बीच सूरज की आंखमिचोली भी देखने को मिली। जैसलमेर, बाड़मेर और आस-पास के हिस्सों में मामूली बूंदाबांदी हुई। मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में पूर्वी राजस्थान में हल्की-मध्यम बारिश हुई है। जबकि, सर्वाधिक बारिश झुंझुनूं के मंडावा में 18 एमएम दर्ज हुई। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में दिन और रात के तापमान में दो से लेकर चार डिग्री तक की गिरावट आई है। राजधानी जयपुर में दिन का तापमान 28.6 और रात का तापमान 16.7 डिग्री दर्ज हुआ। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार रात राज्य में रात का सबसे कम तापमान माउन्ट आबू में 9.1 डिग्री दर्ज किया गया।
4-5 दिन मौसम शुष्क रहेगा
मौसम विभाग का मानना है कि एक और कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर, बीकानेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र के जिलों में 22 मार्च को मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश और बूंदाबांदी होने की संभावना है। जबकि अधिकांश भागों में आगामी 4-5 दिन मौसम मुख्यत: शुष्क रहने की संभावना है। मौसम विभाग के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि प्रदेश में अभी एक सप्ताह तक हीटवेव की संभावना नहीं है।
गर्मी से राहत
पश्चिमी विक्षोभ से मौसम के बदले मिजाज से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। जबकि पिछले दिनों सूर्य की तल्खी के कारण चन्द दिनों में ही लोग गर्मी से खासे परेशान हो गए थे।

Comment List