जयपुर के कई इलाकों में बारिश, सड़कों पर भरा पानी
लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली
जयपुर। राजधानी जयपुर में सावन महीने के आख़िरी सोमवार को दोपहर मौसम ने अचानक करवट ली। शहर के कई इलाकों में करीब 2 बजे से बारिश का दौर शुरू हुआ। जेएलएन मार्ग, मालवीय नगर, गोपालपुरा बाईपास, टोंक रोड सहित आसपास के क्षेत्रों में बारिश होने से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली। वहीं, तेज बारिश के कारण कई प्रमुख सड़कों पर पानी भर गया, जिससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश के चलते सड़क पर वाहनों की रफ्तार भी धीमी हो गई। शहर के कई व्यस्त मार्गों पर कई जगह पानी जमा होने से यातायात प्रभावित हुआ। दोपहिया वाहन चालकों को विशेष परेशानी हुई।
कुछ स्थानों पर लोग बारिश से बचने के लिए सड़क किनारे और दुकानों के बाहर खड़े नजर आए। पिछले कुछ दिनों से गर्मी और उमस से परेशान शहरवासियों को बारिश से बड़ी राहत मिली। बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया और तापमान में भी गिरावट महसूस की गई। हालांकि लगातार बारिश के चलते शहर के निचले इलाकों में जलभराव की आशंका है।

Comment List