एनआईए में वर्षा ऋतु विशेष निशुल्क पंचकर्म शिविर शुरू, बस्ति चिकित्सा से वात रोगों का होगा उपचार
मरीजों की जांच कर आवश्यकता अनुसार उपचार
जयपुर। आयुष मंत्रालय के अधीन राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान (एनआईए), जयपुर के पंचकर्म विभाग ने वर्षा ऋतु के दौरान वातजनित रोगों की रोकथाम और उपचार के लिए विशेष निशुल्क पंचकर्म चिकित्सा शिविर शुरू किया है। शिविर में विशेषज्ञ आयुर्वेद चिकित्सकों की देखरेख में जरूरतमंद मरीजों को बस्ति चिकित्सा निशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। एनआईए के कुलपति प्रो. संजीव शर्मा ने बताया कि आयुर्वेद में वर्षा ऋतु को बस्ति चिकित्सा के लिए सबसे उपयुक्त समय माना गया है। यह चिकित्सा शरीर में बढ़े हुए वात दोष के शमन, शारीरिक शोधन और बेहतर स्वास्थ्य बनाए रखने में प्रभावी मानी जाती है।
उन्होंने आमजन से इस निःशुल्क स्वास्थ्य सेवा का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। पंचकर्म विभागाध्यक्ष प्रो. गोपेश मंगल ने बताया कि वर्षा ऋतु में कमर दर्द, पीठ दर्द, जोड़ों का दर्द, शरीर में जकड़न, थकान और दुर्बलता जैसी वातजनित समस्याएं बढ़ जाती हैं। ऐसे में बस्ति चिकित्सा इन रोगों के उपचार के साथ वृद्धावस्था से जुड़ी परेशानियों की रोकथाम में भी सहायक मानी जाती है। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सक मरीजों की जांच कर आवश्यकता अनुसार उपचार करेंगे। इच्छुक व्यक्ति प्रतिदिन सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक जौरावर सिंह गेट, आमेर रोड स्थित राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान के पंचकर्म विभाग में पंजीकरण कर शिविर का लाभ ले सकते हैं।

Comment List