छठे राष्ट्रीय मुख्य सचिव सम्मेलन में प्रस्तुत होगा राजस्थान का विकास मॉडल
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए
जयपुर । मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने छठे राष्ट्रीय मुख्य सचिव सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सम्मेलन में ‘विकसित राजस्थान @2047’ के विजन, राज्य की प्रमुख योजनाओं, नवाचारों और श्रेष्ठ कार्य-पद्धतियों को प्रमुखता से प्रस्तुत किया जाए, ताकि राष्ट्रीय स्तर पर राजस्थान के विकास मॉडल को प्रभावी रूप से प्रदर्शित किया जा सके। मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि सम्मेलन के लिए तैयार किए जाने वाले प्रस्तुतिकरण में राज्य सरकार की प्रमुख योजनाओं, विभिन्न क्षेत्रों में किए गए नवाचारों और सफल कार्यों को शामिल किया जाए।
उन्होंने सभी नोडल विभागों को निर्देशित किया कि वे निर्धारित समय-सीमा में समस्त तैयारियां पूरी करें। साथ ही, संबंधित विषयों पर फीडबैक नोट्स तैयार कर आवश्यक सूचनाएं समय पर उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सम्मेलन में राजस्थान की विकास संबंधी प्राथमिकताओं, सुशासन की पहल और विभिन्न क्षेत्रों में अपनाई गई प्रभावी कार्य-पद्धतियों को व्यवस्थित तरीके से प्रस्तुत किया जाना चाहिए। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा प्रस्तुतिकरण की गुणवत्ता और तथ्यों की सटीकता पर विशेष ध्यान दें। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सम्मेलन की तैयारियों में किसी प्रकार की देरी नहीं हो।

Comment List