राजस्थान में सितंबर में 11,739 करोड़ के निवेश प्रस्ताव, छह माह में 31,892 आवेदन मंजूर
भूमि रूपांतरण की समयसीमा 90 से घटाकर 45 दिन
जयपुर । राजस्थान में निवेश को बढ़ावा देने और व्यावसायिक प्रक्रियाओं को सरल बनाने के प्रयासों के बीच सितंबर 2026 में राजनिवेश पोर्टल पर 11,739.27 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव दर्ज हुए। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने डीरेगुलेशन एंड कम्प्लायंस रिडक्शन फेज-1 की सितंबर माह की प्रभाव आकलन रिपोर्ट के प्रमुख निष्कर्ष साझा किए। अप्रैल से सितंबर 2026 तक 31,892 आवेदन स्वीकृत हुए, जो पिछले पूरे वित्त वर्ष की 29,536 स्वीकृतियों से अधिक हैं। सितंबर में रक्षा क्षेत्र में 4,840 करोड़, पर्यटन एवं आतिथ्य में 3,058 करोड़, सौर उपकरण निर्माण में 1,000 करोड़ और रियल एस्टेट में 744 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव आए।
मुख्य सचिव के अनुसार, प्रथम चरण के सभी 23 प्राथमिकता क्षेत्रों में सुधार पूरे किए जा चुके हैं। भूमि रूपांतरण की समयसीमा 90 से घटाकर 45 दिन कर दी गई है। जयपुर विद्युत वितरण निगम में स्थायी बिजली कनेक्शन की प्रक्रिया 10 से घटाकर चार दिन की गई है। राजनिवेश की एकल खिड़की व्यवस्था पर उपलब्ध 190 सेवाओं के लिए छह माह में 60,229 आवेदन मिले। आवेदनों की निस्तारण दर अगस्त के 47 प्रतिशत से बढ़कर सितंबर में 52 प्रतिशत हो गई। जिलों में जयपुर 5,501 स्वीकृतियों के साथ पहले स्थान पर रहा। वहीं, पर्यावरणीय सुधारों के तहत श्वेत श्रेणी की गतिविधियां 104 से बढ़ाकर 877 की गई हैं।

Comment List