राजस्थान एजुकेशन समिट 2026 का जयपुर में आयोजन, शिक्षा और एआई पर मंथन
शिक्षा क्षेत्र में बदलावों पर विचार-विमर्श
जयपुर। एसोचैम राजस्थान स्टेट डेवलपमेंट काउंसिल की ओर से शुक्रवार को जयपुर स्थित द ललित होटल में राजस्थान एजुकेशन समिट 2026 का आयोजन किया गया। समिट का उद्घाटन शिक्षा, कौशल विकास और कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित भविष्य की संभावनाओं पर केंद्रित रहा। कार्यक्रम में नीति-निर्माताओं, शिक्षाविदों, उद्योग प्रतिनिधियों, विश्वविद्यालयों, स्टार्टअप्स, तकनीकी विशेषज्ञों तथा विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर शिक्षा क्षेत्र में बदलावों पर विचार-विमर्श किया। समिट का मुख्य विषय “एआई आधारित शिक्षा एवं विजन 2030 के माध्यम से राजस्थान को सशक्त बनाना” रहा।
इस दौरान राजस्थान की शिक्षा व्यवस्था को वैश्विक रुझानों, तकनीकी प्रगति, उद्यमिता और राज्य की दीर्घकालिक विकास योजनाओं से जोड़ने पर जोर दिया गया। उद्घाटन सत्र में कॉलेज शिक्षा विभाग के आयुक्त ओम प्रकाश बैरवा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि बदलते समय में केवल ज्ञान ही नहीं, बल्कि कौशल विकास भी समान रूप से आवश्यक है। समिट में दो प्रमुख तकनीकी सत्र आयोजित किए गए, जिनमें नवाचार, रोजगार क्षमता, उद्यमिता, शिक्षा में एआई के समावेशन तथा भविष्योन्मुखी शिक्षा मॉडल जैसे विषयों पर विशेषज्ञों ने अपने विचार साझा किए। आयोजन को शिक्षा क्षेत्र में सकारात्मक पहल के रूप में देखा जा रहा है।

Comment List