तंबाकू नियंत्रण में राजस्थान को वैश्विक सम्मान, WHO का वर्ल्ड नो टोबैको डे अवॉर्ड-2026 किया हासिल
1.36 लाख से अधिक चालान किए
जयपुर। तंबाकू नियंत्रण के क्षेत्र में किए गए प्रभावी कार्यों के लिए राजस्थान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि मिली है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने राज्य सरकार के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को वर्ल्ड नो टोबैको डे अवॉर्ड-2026 से सम्मानित किया है। नई दिल्ली में आयोजित समारोह में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के राज्य नोडल अधिकारी एवं संयुक्त निदेशक डॉ. एस.एन. धोलपुरिया ने राजस्थान की ओर से यह प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त किया।
प्रमुख शासन सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य गायत्री राठौड़ ने बताया कि वर्ष 2025-26 में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन, नवाचारों और जनभागीदारी आधारित गतिविधियों के आधार पर राजस्थान को यह सम्मान मिला है। राज्य ने तंबाकू नियंत्रण के विभिन्न मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विश्व स्वास्थ्य संगठन के दक्षिण-पूर्व एशिया क्षेत्र में प्रथम स्थान हासिल किया है।
उन्होंने बताया कि राज्य में ब्लॉक स्तर तक 500 से अधिक तंबाकू मुक्ति उपचार एवं परामर्श केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। इन केंद्रों की जियो-टैगिंग कर उन्हें गूगल मैप से जोड़ा गया है, जिससे क्यूआर कोड के माध्यम से आमजन निकटतम केंद्र की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। निकोटिन रिप्लेसमेंट थेरेपी (एनआरटी) को आवश्यक दवा सूची में शामिल कर सीएचसी स्तर तक उपलब्ध कराया गया है। दिसंबर 2025 से अप्रैल 2026 के बीच 31,669 लोगों की काउंसलिंग, 9,584 मरीजों का उपचार और 1,541 लोगों द्वारा तंबाकू छोड़ने की पुष्टि दर्ज की गई।
राठौड़ ने बताया कि वर्ष 2025-26 में COTPA act -2003 के तहत 1.36 लाख से अधिक चालान किए गए। वहीं सोशल मीडिया पर 95 हजार से अधिक जागरूकता संदेश प्रसारित किए गए, 83,185 विद्यालयों में तंबाकू मुक्त विद्यालय मानकों का पालन सुनिश्चित कराया गया तथा 2.55 लाख से अधिक जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। आयुष्मान आदर्श ग्राम योजना के तहत 13,744 ग्रामों में तंबाकू नियंत्रण प्रस्ताव पारित किए गए और 32,380 तंबाकू मॉनिटर एवं एम्बेसडर तैयार किए गए।
उन्होंने कहा कि यह सम्मान जनस्वास्थ्य के प्रति राजस्थान सरकार की प्रतिबद्धता, प्रभावी नीति, स्वास्थ्यकर्मियों के समर्पण और जनभागीदारी आधारित प्रयासों की वैश्विक मान्यता है। राज्य सरकार तंबाकू मुक्त राजस्थान के लक्ष्य को हासिल करने के लिए उपचार सेवाओं, जनजागरूकता और सख्त प्रवर्तन को आगे भी और मजबूत बनाएगी।

Comment List