Rajasthan University of Health Sciences मेडिकल कॉलेज को बम से उड़ाने की धमकी, ई-मेल से मचा हड़कंप
पूरे मेडिकल कैंपस को खाली कराकर सघन सर्च ऑपरेशन चलाया गया
प्रतापनगर स्थित RUHS Medical College को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। धमकी भरा ई-मेल मिलने पर प्रशासन ने कैंपस खाली कर सघन तलाशी अभियान चलाया। पुलिस, एटीएस, डॉग स्क्वायड और BDS टीम ने जांच की, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
जयपुर। प्रतापनगर स्थित RUHS Medical College को गुरुवार दोपहर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। कॉलेज की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर भेजे गए धमकी भरे संदेश के बाद प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं और पूरे मेडिकल कैंपस को खाली कराकर सघन सर्च ऑपरेशन चलाया गया।
पुलिस ने बताया कि दोपहर करीब 11 बजे हॉस्पिटल की ऑफिसियल ई-मेल आईडी पर धमकी भरा ई-मेल प्राप्त हुआ। सूचना मिलते ही अस्पताल प्रशासन ने पुलिस कंट्रोल रूम को अवगत कराया। इसके बाद स्थानीय पुलिस के साथ एटीएस, डॉग स्क्वायड, बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वायड (BDS), फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं।
सुरक्षा एजेंसियों ने एहतियातन मेडिकल कॉलेज परिसर को खाली करवाकर व्यापक तलाशी अभियान चलाया। जांच के दौरान कैंपस में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। फिलहाल पुलिस ई-मेल भेजने वाले की पहचान और स्रोत का पता लगाने में जुटी है।

Comment List