राजस्थान विश्वविद्यालय : कुलगुरु के खिलाफ कैंपस में नाराजगी, नेम प्लेट पर पोती कालिख
विश्वविद्यालय परिसर में चर्चाओं का दौर शुरू
जयपुर। राजस्थान विश्वविद्यालय की कुलगुरु प्रो. अल्पना कटेजा का कार्यकाल शनिवार को पूरा होने जा रहा है। कार्यकाल के अंतिम दिनों में विश्वविद्यालय कैंपस में उनके खिलाफ नाराजगी खुलकर सामने आ रही है। शुक्रवार रात कुछ लोगों ने उनके आवास के बाहर लगी नाम पट्टिका पर कालिख पोत दी। इससे विश्वविद्यालय परिसर में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।
कुलगुरु के खिलाफ शिक्षक, कर्मचारी और छात्रों में लंबे समय से नाराजगी होने की बात सामने आ रही है। विरोध के चलते कुछ शिक्षक संगठनों और छात्र संगठनों की ओर से उनके सम्मान समारोह सहित अन्य कार्यक्रमों का भी विरोध किया गया। बताया जा रहा है कि कुलगुरु के विदाई समारोह के आयोजन को लेकर भी विरोध के चलते कार्यक्रम नहीं हो सका।
विश्वविद्यालय सूत्रों के अनुसार, कार्यकाल के अंतिम दिन भी कुलगुरु के खिलाफ विरोध का माहौल बना हुआ है। शुक्रवार रात उनके निवास की नेम प्लेट पर कालिख पोते जाने की घटना ने विवाद को और बढ़ा दिया है। घटना को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं, परिसर में इस घटना को लेकर अलग-अलग तरह की चर्चाएं चल रही हैं।

Comment List