राजस्थान इन समर से बदलेगी ऑफ-सीजन टूरिज्म की तस्वीर हेरिटेज, वन्यजीव और अनुभव आधारित पर्यटन पर फोकस
गर्मियों में भी पर्यटकों को लुभाएगा राजस्थान
राजस्थान पर्यटन विभाग ने गर्मियों में पर्यटन गतिविधियों को नई गति देने के लिए राजस्थान इन समर अभियान शुरू करने की तैयारी तेज। इस पहल के जरिए राज्य को केवल विंटर टूरिज्म डेस्टिनेशन की छवि से बाहर निकालकर ईयर राउंड टूरिज्म हब के रूप में स्थापित करने की रणनीति बनाई।
जयपुर। राजस्थान पर्यटन विभाग ने गर्मियों में पर्यटन गतिविधियों को नई गति देने के लिए राजस्थान इन समर अभियान शुरू करने की तैयारी तेज कर दी है। इस पहल के जरिए राज्य को केवल विंटर टूरिज्म डेस्टिनेशन की छवि से बाहर निकालकर ईयर राउंड टूरिज्म हब के रूप में स्थापित करने की रणनीति बनाई गई है। अभियान को विज़िट माई स्टेट और हॉलिडे इन राजस्थान कार्यक्रमों से भी जोड़ा जाएगा। पर्यटन विभाग के संयुक्त निदेशक दलीप सिंह राठौड़ ने बताया कि उपमुख्यमंत्री एवं पर्यटन मंत्री दिया कुमारी के निर्देशानुसार इस अभियान में अनुभव आधारित पर्यटन, डिजिटल स्टोरीटेलिंग और कम चर्चित स्थलों के प्रचार पर विशेष जोर दिया जा रहा है। विभाग का मानना है कि गर्मियों में पर्यटक राजस्थान की संस्कृति, विरासत और स्थानीय जीवन को अधिक करीब से महसूस कर सकते हैं।
अभियान के तहत अलग-अलग शहरों की विशेष थीम तैयार की गई है। उदयपुर को झीलों के शांत अनुभवों, बूंदी को बावड़ियों और ऐतिहासिक गलियों वाले हिडन हेरिटेज गंतव्य, जबकि जयपुर और जोधपुर को शाम के सांस्कृतिक आयोजनों और हेरिटेज स्टे के जरिए प्रमोट किया जाएगा। वहीं थार और बाड़मेर क्षेत्र को सोलो ट्रैवल तथा रेगिस्तानी अनुभवों के नए केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। वन्यजीव पर्यटन को भी अभियान का अहम हिस्सा बनाया गया है। रणथम्भौर नेशनल पार्क में गर्मियों के दौरान वन्यजीवों की बढ़ती गतिविधियों को विशेष रूप से प्रचारित किया जाएगा।

Comment List