राजेंद्र राठौड़ के बेटे पराक्रम 7810 वोटों से जीते, बहू भी आगे; जयपुर की जिला प्रमुख रमा चोपड़ा हारीं, मंत्री खर्रा के परिवार को झटका
गोविन्द मेघवाल की बेटी और डूडी की बहू जीतीं
जयपुर। पंचायत चुनाव में इस बार कई दिग्गज नेताओं के परिवारों की प्रतिष्ठा दांव पर रही। कहीं नेताओं के बेटे-बेटियों और बहुओं ने जीत दर्ज कर राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाया तो कहीं परिवार के सदस्यों को हार का सामना करना पड़ा। चूरू में पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ के बेटे पराक्रम सिंह राठौड़ ने शानदार जीत दर्ज की। उन्होंने कांग्रेस के पूर्व विधायक भंवरलाल शर्मा के बेटे केसरीचंद को 7810 वोटों से हराया। वहीं, पराक्रम राठौड़ की पत्नी कनिका सिंह भी चूरू जिला परिषद के वार्ड 23 से 1499 वोटों से आगे चल रही हैं।दूसरी ओर जयपुर में निवर्तमान जिला प्रमुख रमा चोपड़ा को हार का सामना करना पड़ा। कांग्रेस के उप जिला प्रमुख रहे मोहन डागर भी चुनाव नहीं जीत सके। अजमेर में पूर्व विधायक सुशील कंवर पलाड़ा चुनाव हार गईं। वहीं, यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा के परिवार के लिए चुनाव नतीजे निराशाजनक रहे। उनकी पत्नी, दोनों बेटे और छोटे भाई की पत्नी चुनाव हार गईं।
राठौड़ के बेटे ने 7810 वोटों से दर्ज की जीत: चूरू जिला परिषद के वार्ड 39 से पराक्रम सिंह राठौड़ को 17,861 वोट मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी केसरीचंद को 10,051 वोट मिले। इस तरह पराक्रम ने 7810 वोटों के अंतर से जीत हासिल की। उनकी पत्नी कनिका सिंह वार्ड 23 से 1499 वोटों से आगे चल रही हैं।
गोविन्द मेघवाल की बेटी और डूडी की बहू जीतीं: बीकानेर में पूर्व मंत्री गोविन्द मेघवाल की बेटी सरिता मेघवाल ने जिला परिषद के वार्ड 26 से जीत दर्ज की। वहीं, जिला परिषद के वार्ड 13 से पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी और नोखा विधायक सुशीला डूडी की पुत्रवधू निकिता डूडी भी कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीत गईं। दोनों को जिला प्रमुख पद के संभावित दावेदारों के रूप में देखा जा रहा है।
पूर्व सांसद की बहू ने 2200 वोटों से हराया: झुंझुनूं जिला परिषद के वार्ड 5 से निवर्तमान जिला प्रमुख और पूर्व सांसद नरेंद्र खींचड़ की पुत्रवधू हर्षिनी कुलहरि ने जीत दर्ज की। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी शिशराम बुरड़क को 2200 वोटों से हराया। हर्षिनी वर्तमान में भाजपा की जिलाध्यक्ष भी हैं।
जयपुर की जिला प्रमुख और उप जिला प्रमुख दोनों हारे: जयपुर में निवर्तमान जिला प्रमुख रमा चोपड़ा को हार का सामना करना पड़ा। वहीं, उप जिला प्रमुख रहे कांग्रेस नेता मोहन डागर भी वार्ड 12 से चुनाव हार गए। उन्हें भाजपा प्रत्याशी मोहन दादरवाल ने शिकस्त दी। डागर को जिला प्रमुख पद के दावेदारों में भी माना जा रहा था। अजमेर में पूर्व विधायक सुशील कंवर पलाड़ा भी चुनाव नहीं जीत सकीं। मंत्री खर्रा के परिवार के चार सदस्य हारे सीकर जिले की श्रीमाधोपुर पंचायत समिति के वार्ड 17 से यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा की पत्नी शांति देवी 51 वोटों से चुनाव हार गईं। उनके दोनों बेटे दुर्गा सिंह खर्रा (निर्दलीय) और अजय सिंह (भाजपा) भी चुनाव नहीं जीत सके। इसके अलावा खर्रा के छोटे भाई की पत्नी प्रतिमा खर्रा भी जिला परिषद के वार्ड 23 से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में हार गईं। इस तरह मंत्री के परिवार के चार सदस्यों को चुनाव में हार का सामना करना पड़ा।
कहीं बेटे हारे तो कहीं बेटी और बहू ने मारी बाजी: उदयपुर जिले की ऋषभदेव पंचायत समिति के वार्ड 4 से पूर्व भाजपा विधायक नानालाल अहारी के बेटे सोनू अहारी चुनाव हार गए। वहीं, डूंगरपुर जिले की सागवाड़ा पंचायत समिति के वार्ड 14 से भाजपा विधायक शंकरलाल डेचा की बेटी शांति ने जीत दर्ज की। जोधपुर जिले की तिंवरी पंचायत समिति के वार्ड 12 से ओसियां विधायक भैराराम सियोल के बेटे आकाशदीप भी चुनाव जीतने में सफल रहे। सीकर में डीआईजी की पत्नी हारीं सीकर जिला परिषद के वार्ड 47 से डीआईजी अरशद अली की पत्नी जरीना खान को हार का सामना करना पड़ा। यहां कांग्रेस प्रत्याशी नसीम बानो ने जीत दर्ज की।

Comment List