रामसिंहपुरा ब्लास्ट मामले में खुलासा : पैसों का लालच और प्यार का झांसा, युवतियों को आतंकी हथियार बना रहा पाकिस्तान
डीजीपी के निर्देश पर पंजाब में संयुक्त कार्रवाई
जयपुर। पाकिस्तान के आतंकी हैंडलर अब युवतियों को प्रेमजाल में फंसाकर और पैसों का लालच देकर आतंकी गतिविधियों में इस्तेमाल कर रहे हैं। श्रीगंगानगर के रामसिंहपुर रेलवे ट्रैक बम विस्फोट मामले में राजस्थान एटीएस और गंगानगर पुलिस की जांच में ऐसा ही नेटवर्क सामने आया है। पुलिस ने पंजाब के गुरदासपुर से मुख्य आरोपी महकदीप कौर और उसके साथी देवेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया है। इनसे दस दिन की रिमांड पर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच के अनुसार महकदीप पाकिस्तानी हैंडलर शाह के संपर्क में थी। उसने महकदीप को दुबई बुलाकर शादी करने का झांसा दिया था। इसके बाद उसे और उसके साथी को रेलवे ट्रैक पर विस्फोट करने की जिम्मेदारी सौंपी गई। जांच में सामने आया कि पाकिस्तानी हैंडलर ने दोनों आरोपियों को कुल 2 लाख 83 हजार रुपए दिए थे। इनमें से 30 हजार रुपए देवेंद्र सिंह के खाते में आॅनलाइन भेजे गए, जबकि कुछ राशि महकदीप को नकद दी गई और कुछ रुपए महक की बहन मुस्कान के खाते में जमा कराए गए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो विदेशी पिस्टल, 46 जिंदा कारतूस और विस्फोट के लिए प्राप्त 30 हजार रुपए बरामद किए हैं। बरामद हथियारों पर पीओएफ (पाकिस्तान ऑर्डिनेंस फैक्ट्री) लिखा हुआ है। इससे हथियारों की जांच की जा रही है।
तीन बार विस्फोट की कोशिश, तीसरी बार सफल हुए आरोपी :
आरोपियों ने रेलवे ट्रैक पर विस्फोट करने के लिए तीन बार प्रयास किए। पहली बार 6 अक्टूबर को वारदात की साजिश रची गई, लेकिन बम उपलब्ध नहीं होने से कामयाब नहीं हो सके। दूसरी बार 12-13 अक्टूबर को पाकिस्तानी हैंडलर शाह की ओर से उपलब्ध कराया गया टाइमर बम रेलवे ट्रैक पर लगाया गया, लेकिन तकनीकी खामी के कारण विस्फोट नहीं हुआ। तीसरी बार 3 नवंबर की रात करीब 9.45 बजे रामसिंहपुर थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर टाइमर बम से विस्फोट किया गया। अब पुलिस महकदीप को साथ लेकर उन दो आरडीएक्स की तलाश करेगी, जो ब्लास्ट नहीं हुए थे।
गंगापुर की बबीता भी प्रेमजाल में फंसी :
इससे पहले एटीएस ने गंगापुर शहर से बबीता नाम की महिला को गिरफ्तार किया था। उसे भी पाकिस्तानी एजेंटों ने प्रेमजाल में फंसाया था। अब महकदीप का मामला सामने आने के बाद जांच एजेंसियां दोनों मामलों में अपनाए गए तरीकों और पाकिस्तानी हैंडलरों के नेटवक की कड़ियां खंगाल रही हैं।
डीजीपी के निर्देश पर पंजाब में संयुक्त कार्रवाई :
डीजीपी राजीव शर्मा और एडीजी दिनेश एमएन के निर्देशन में राजस्थान एटीएस और श्रीगंगानगर पुलिस ने काउंटर इंटेलिजेंस पंजाब के सहयोग से कार्रवाई की। तकनीकी साक्ष्यों, सोशल मीडिया अकाउंट्स और केंद्रीय जांच एजेंसियों से मिले इनपुट के आधार पर महकदीप और देवेंद्र की भूमिका सामने आने पर गिरफ्तार किया। पुलिस अब पाकिस्तानी हैंडलर शाह पाकिस्तान में चाचा नाम से पहचाने जाने वाले व्यक्ति, आर्थिक लेन-देन, हथियारों की सप्लाई और आरोपियों के अन्य संपर्कों की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार चाचा का संबंध आईएसआई से होने की जानकारी भी सामने आई है, जिसका सत्यापन किया जा रहा है।

Comment List