दीपावली पर रणथम्भौर से खुशखबरी... बाघिन T-125 कैमरा ट्रैप में शावक के साथ दिखी
शावकों की वास्तविक संख्या हो सकती है अधिक
जयपुर। दीपावली के शुभ अवसर पर रणथम्भौर टाइगर रिजर्व से वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में एक सुखद खबर सामने आई है। रणथम्भौर की लगभग 8 वर्षीय बाघिन T-125 (सिद्धि) को कैमरा ट्रैप में अपने एक शावक के साथ देखा गया है। बाघिन की शावक के साथ मौजूदगी रणथम्भौर के बाघ परिवार के लिए एक और सकारात्मक संकेत है। डीसीएफ मानस सिंह ने बताया कि बाघिन T-125 (सिद्धि) का यह दूसरा लिटर (प्रसव) है। कैमरा ट्रैप में फिलहाल एक शावक दिखाई दिया है, हालांकि शावकों की वास्तविक संख्या इससे अधिक भी हो सकती है।
वन विभाग द्वारा क्षेत्र में लगाए गए कैमरा ट्रैप की लगातार निगरानी की जा रही है। आगामी दिनों में कैमरा ट्रैप में प्राप्त होने वाली तस्वीरों के आधार पर शावकों की वास्तविक संख्या की पुष्टि की जाएगी। वन विभाग की फील्ड टीम द्वारा बाघिन एवं उसके शावकों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। उनकी सुरक्षा एवं प्राकृतिक विचरण को ध्यान में रखते हुए आवश्यक निगरानी एवं संरक्षण संबंधी उपाय किए जा रहे हैं।

Comment List