मेलों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए रिफ्लेक्टिव टेप अनिवार्य, हाईवे से हटेगी पार्किंग
परिवहन और पुलिस विभाग आपसी समन्वय से व्यवस्थाएं पूरी करेंगे
जयपुर। मेलों और धार्मिक आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं के सुरक्षित आवागमन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला कलेक्टर संदेश नायक ने परिवहन विभाग को श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही के लिए आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
परिवहन और पुलिस विभाग आपसी समन्वय से व्यवस्थाएं पूरी करेंगे। सड़क सुरक्षा को लेकर टोल प्लाजा पर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। पदयात्रियों की कलाई और झंडों पर रिफ्लेक्टिव टेप लगाना अनिवार्य होगा। साइकिलों और अन्य गैर मोटर वाहनों पर भी रिफ्लेक्टिव टेप लगाई जाएगी, ताकि रात में उनकी पहचान आसानी से हो सके। मोटरसाइकिल और डीजे के साथ चलने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। हेलमेट और सीट बेल्ट को लेकर विशेष अभियान चलाया जाएगा। वाहन चालकों से आठ घंटे से अधिक लगातार वाहन नहीं चलवाया जाएगा। हाईवे से अनधिकृत पार्किंग हटाकर यातायात के लिए मार्ग सुचारू किया जाएगा। चिकित्सा विभाग दुर्घटना संभावित स्थलों पर एम्बुलेंस तैनात रखेगा। प्रमुख मार्गों पर नजदीकी अस्पतालों की दूरी दर्शाने वाले सूचना बोर्ड भी लगाए जाएंगे।

Comment List