राजस्थान यूनिवर्सिटी सहित 4 कॉलेजों में प्रवेश आवेदन की तिथि 24 जून तक बढ़ी, विद्यार्थियों को राहत
पहले यह तिथि 20 जून निर्धारित थी
जयपुर। राजस्थान यूनिवर्सिटी प्रशासन ने स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 24 जून कर दी है। पहले यह तिथि 20 जून निर्धारित थी। अब विद्यार्थी राजस्थान यूनिवर्सिटी, महाराजा कॉलेज, महारानी कॉलेज और कॉमर्स कॉलेज में 24 जून तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। प्रवेश प्रक्रिया की तिथि बढ़ाए जाने से उन विद्यार्थियों को राहत मिली है, जो विभिन्न कारणों से समय पर आवेदन नहीं कर पाए थे।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, विद्यार्थियों की मांग और तकनीकी कारणों को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। सोमवार को विश्वविद्यालय परिसर में दस्तावेज जमा कराने वाले विद्यार्थियों की भारी भीड़ देखने को मिली। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं आवश्यक प्रमाण पत्रों के सत्यापन और जमा कराने के लिए पहुंचे। प्रवेश शाखा और संबंधित काउंटरों पर दिनभर विद्यार्थियों की आवाजाही बनी रही। भीड़ को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने अतिरिक्त कर्मचारियों की व्यवस्था भी की। प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थियों को निर्धारित तिथि से पहले आवेदन प्रक्रिया पूरी करने तथा सभी आवश्यक दस्तावेज समय पर जमा कराने की सलाह दी गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि अंतिम तिथि के बाद प्राप्त होने वाले आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

Comment List