नाहरगढ़ की बावड़ियों को संवारने उतरे युवा, स्वच्छता अभियान में जुटे पर्यटन जगत के प्रतिनिधि
युवाओं और स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया
जयपुर। राजधानी की ऐतिहासिक धरोहरों को स्वच्छ और संरक्षित रखने के उद्देश्य से फेडरेशन ऑफ हॉस्पिटैलिटी एंड टूरिज्म ऑफ राजस्थान (एफएचटीआर) तथा राजस्थान पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग के संयुक्त तत्वावधान में दो दिवसीय ‘नाहरगढ़ कुंड एवं बावड़ी सफाई अभियान’ का शुभारंभ हुआ। बावड़ी बाईसा के सहयोग से आयोजित इस अभियान में पर्यटन, विरासत संरक्षण और पर्यावरण से जुड़े विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों, युवाओं और स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अभियान की शुरुआत स्वागत एवं परिचय सत्र से हुई, जिसमें धरोहर संरक्षण और स्वच्छता के महत्व पर चर्चा की गई। इसके बाद वेस्ट मैनेजमेंट एवं रिस्पॉन्सिबल टूरिज्म पर आयोजित विशेष सत्र में प्रतिभागियों को कचरा पृथक्करण, अपशिष्ट प्रबंधन और पर्यावरण-अनुकूल पर्यटन व्यवहार के प्रति जागरूक किया गया। इसके पश्चात स्वयंसेवकों ने समूहों में नाहरगढ़ कुंड-1 और आसपास के पार्किंग क्षेत्र में सफाई अभियान चलाया। इस दौरान बड़ी मात्रा में कचरा हटाकर क्षेत्र को स्वच्छ बनाया गया तथा लोगों को अपनी ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण के लिए प्रेरित किया गया।
एफएचटीआर अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह शाहपुरा ने कहा कि यह अभियान प्रधानमंत्री के ‘जल गंगा अभियान’ से प्रेरित है और भविष्य में भी संगठन सरकार के साथ मिलकर धरोहर संरक्षण एवं स्वच्छता के लिए कार्य करता रहेगा।

Comment List