वन विभाग का रेस्क्यू अभियान सफल : सवाई माधोपुर में पकड़ा तेंदुआ, 40 से अधिक कैमरा ट्रैप से की निगरानी
तेंदुए की गतिविधियों और आवागमन पर लगातार नजर रखी जा रही थी
जयपुर। सवाई माधोपुर के डूमोदा एवं कैलाशपुरी गांव में पिछले दिनों तेंदुए की गतिविधियों से ग्रामीणों में बनी चिंता के बीच वन विभाग को बड़ी सफलता मिली है। विभाग की लगातार निगरानी और रेस्क्यू कार्रवाई के बाद तेंदुए को सुरक्षित रूप से पकड़ लिया गया। इसके लिए डूमोदा, कैलाशपुरी एवं आसपास के क्षेत्रों में 40 से अधिक कैमरा ट्रैप और केज ट्रैप लगाए गए थे, जिनके माध्यम से तेंदुए की गतिविधियों और आवागमन पर लगातार नजर रखी जा रही थी।
तेंदुए को पकड़ने के लिए क्षेत्र में 24×7 रेस्क्यू टीम तैनात की गई थी। वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी लगातार गश्त, निगरानी और आवश्यक कार्रवाई में जुटे रहे। सहायक वन संरक्षक (ACF) अजय, पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. चंद्र प्रकाश मीणा और क्षेत्रीय वन अधिकारी राज बहादुर मीणा सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दिन-रात मेहनत कर रेस्क्यू अभियान को सफल बनाया।
घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उप वन संरक्षक एवं उप क्षेत्र निदेशक, रणथम्भौर टाइगर रिजर्व-I मानस सिंह ने प्रभावित परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और आवश्यक सहयोग व सुरक्षा का भरोसा दिलाया। उन्होंने मौके पर निगरानी एवं रेस्क्यू तैयारियों का निरीक्षण कर अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। वन विभाग ने ग्रामीणों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सहयोग से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की। तेंदुआ पकड़े जाने के बाद भी विभाग क्षेत्र में निगरानी बनाए हुए है और ग्रामीणों से सतर्क रहने तथा वन विभाग के साथ सहयोग करने की अपील की है।

Comment List