पीएनजी कनेक्शन बढ़ाने के लिए आरएसजीएल का अभियान शुरू, शिविर लगाकर भी जोड़े जाएंगे उपभोक्ता
गैस कनेक्शन बदलने पर मिलेगा फायदा
जयपुर। केन्द्र और राज्य सरकार के एलपीजी कनेक्शनों को पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) में बदलने के प्रयासों के तहत राजस्थान स्टेट गैस लिमिटेड (आरएसजीएल) ने कोटा में विशेष अभियान शुरू किया है। 17 अक्टूबर से 31 दिसंबर तक चलने वाले इस अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक घरों को घरेलू पाइप्ड प्राकृतिक गैस (डीपीएनजी) सुविधा से जोड़ना है। आरएसजीएल के प्रबंध निदेशक विनय पाटनी ने बताया कि पीएनजीआरबी ड्राइव-3 के तहत लोगों को जागरूक कर पीएनजी कनेक्शन उपलब्ध कराने पर जोर दिया है।
नए कनेक्शन पर 500 रुपए के बराबर प्रोत्साहन
पाटनी ने बताया कि त्योहारी सीजन को देखते हुए 31 दिसंबर तक पीएनजी कनेक्शन लेने वाले नए परिवारों को 5000 पॉइंट दिए जाएंगे, जो 500 रुपए के बराबर पीएनजी गैस के रूप में उपयोग होंगे। उन्होंने कहा कि पीएनजी सुरक्षित, किफायती और सुविधाजनक ईंधन है।
होटल, हॉस्टल और उद्योग भी जुड़ेंगे
अभियान के तहत कोटा की बहुमंजिला इमारतों, गेस्ट हाउस, पीजी, हॉस्टल, होटल, रेस्टोरेंट और औद्योगिक क्षेत्रों को भी पाइपलाइन से प्राकृतिक गैस उपलब्ध कराने के प्रयास होंगे। आरएसजीएल के अधिकारियों के अनुसार अभियान की तैयारियां पूरी कर ली हैं।

Comment List