जयपुर जेल में बदमाश सूरजभान की हत्या की अफवाह से मचा हड़कंप, सर्च अभियान में कुछ नहीं मिला
जेल में हत्या होने की सूचना मिली थी
जयपुर। जयपुर जेल में बदमाश सूरजभान की हत्या की सूचना से जेल प्रशासन और पुलिस में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही जेल प्रशासन ने तत्काल पूरी जेल में सर्च अभियान चलाया, लेकिन जांच के दौरान ऐसी कोई घटना सामने नहीं आई। इसके बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली। जानकारी के अनुसार, कुछ लोगों ने पुलिस को सूचना दी थी कि जयपुर जेल में बदमाश सूरजभान की हत्या कर दी गई है। सूचना मिलने के बाद जेल प्रशासन ने तुरंत जेल परिसर की जांच शुरू की। वहीं, पुलिस ने भी जेल प्रशासन से संपर्क कर मामले की जानकारी जुटाई। जांच में हत्या की सूचना महज अफवाह निकली। लाल कोठी थाना प्रभारी श्यामसुंदर शर्मा ने बताया कि जेल में हत्या होने की सूचना मिली थी।
इसके बाद जानकारी जुटाई गई, लेकिन ऐसी कोई घटना होना सामने नहीं आया। करीब एक से दो घंटे तक इस अफवाह के चलते जेल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप की स्थिति बनी रही। जांच में सूचना निराधार पाए जाने के बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली।

Comment List