गौरवोत्सव से पहले RUTA का विरोध, पदोन्नति प्रक्रिया लंबित होने पर कार्यक्रम के बहिष्कार का ऐलान
प्रशासन को प्रदर्शन की चेतावनी दी
जयपुर। राजस्थान विश्वविद्यालय शिक्षक संघ RUTA ने विश्वविद्यालय में 25 सितंबर को आयोजित होने वाले विश्वविद्यालय उत्कृष्टता एवं सतत विकास गौरवोत्सव कार्यक्रम के बहिष्कार का ऐलान किया है। RUTA प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को IQAC कन्वीनर प्रोफेसर रेशमा बुलचंदानी एवं को-कन्वीनर डॉ. लता चंचलानी से वार्ता कर कार्यक्रम स्थगित करने की मांग की। RUTA ने कहा कि विश्वविद्यालय शिक्षकों की वर्षों से लंबित पदोन्नति प्रक्रिया अब तक शुरू नहीं की गई है। संघ के अनुसार, शिक्षकों के हितों से जुड़े मुद्दों का समाधान नहीं होने के कारण शिक्षक इस समय किसी गौरव या गर्व का अनुभव नहीं कर रहे हैं। ऐसे में गौरवोत्सव आयोजित करना उचित नहीं है। RUTA अध्यक्ष नवीन शर्मा ने आरोप लगाया कि वर्तमान कुलगुरु ने विश्वविद्यालय के हितों के लिए अपेक्षित प्रयास नहीं किए और अपने व्यक्तिगत एजेंडे को आगे बढ़ाने पर अधिक ध्यान दिया।
उन्होंने कहा कि शिक्षकों की लंबित समस्याओं का समाधान होने तक संघ कार्यक्रम का बहिष्कार करेगा। संघ ने चेतावनी दी कि कार्यक्रम स्थगित नहीं किया गया तो विश्वविद्यालय शिक्षक विरोध प्रदर्शन करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन और आयोजकों की होगी। वहीं, छात्रों की ओर से भी कार्यक्रम के बाहर विरोध प्रदर्शन की तैयारी किए जाने की बात सामने आई है।

Comment List