जयपुर में ‘सफाई सेवा मैराथन-2026’ का आगाज : 9000 कर्मियों के साथ शहर को चमकाने का संकल्प, सख्ती की दी चेतावनी
भारी जुर्माना लगाया जाएगा
जयपुर नगर निगम ने “सफाई सेवा मैराथन-2026” की शुरुआत मालवीय नगर वार्ड 83 से की, आयुक्त ओम कसेरा ने खुद सफाई कर कर्मचारियों का उत्साह बढ़ाया। 14 घंटे चलने वाले इस अभियान में 9000 कर्मी तैनात। अतिरिक्त संसाधनों के साथ पूरे शहर को साफ करने का लक्ष्य।
जयपुर। जयपुर नगर निगम का अब तक का सबसे बड़ा स्वच्छता अभियान “सफाई सेवा मैराथन-2026” शनिवार सुबह 7 बजे से शुरू हो गया। अभियान की शुरुआत मालवीय नगर जोन के वार्ड 83 से नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा ने की। उन्होंने खुद मैदान में उतरकर सफाई कर्मचारियों का उत्साह बढ़ाया और पूरे शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाने की सामूहिक शपथ दिलाई। इस महाअभियान में जयपुर नगर निगम की पूरी टीम ऑन ग्राउंड है। करीब 9000 अधिकारी-कर्मचारी फील्ड में तैनात हैं। साथ ही निजी संस्थाएं भी सहयोग कर रही हैं। यह विशेष अभियान लगातार 14 घंटे तक चलेगा। सामान्य दिनों में शहर से 2000-3000 टन कचरा उठाया जाता है, लेकिन शनिवार को संसाधनों की बढ़ोतरी के साथ इस आंकड़े को पार कर शहर के हर कोने को साफ करने का लक्ष्य रखा गया है। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने किशनपोल बाजार, अजमेरी गेट और जलेब चौक का दौरा किया। उन्होंने कर्मचारियों के साथ स्वयं कचरा उठाकर डस्टबिन में डाला और कुछ स्थानों पर गंदगी देखकर नाराजगी भी जताई।
आयुक्त का संदेश साफ है- पहले लोगों को प्यार से समझाया जाएगा, लेकिन बार-बार गंदगी फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई और भारी जुर्माना लगाया जाएगा। अतिरिक्त कचरा संग्रहण वाहन, जेसीबी और डंपर तैनात किए गए हैं तथा वार्ड स्तर पर विशेष मॉनिटरिंग टीम बनाई गई है, ताकि रात तक चलने वाले इस अभियान में कोई भी इलाका अछूता न रहे।

Comment List