एसबीआई बैंक में 4.20 करोड़ का घोटाला, बैंक मैनेजर व असिस्टेंट मैनेजर गिरफ्तार
पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही
जयपुर पूर्व में पुलिस ने एक बड़े बैंक घोटाले का पर्दाफाश करते हुए एसबीआई बैंक के मैनेजर और असिस्टेंट मैनेजर को गिरफ्तार। आरोप है कि दोनों ने एक आपराधिक गिरोह के साथ मिलकर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर 4 करोड़ रुपये से अधिक के लोन स्वीकृत कर बैंक को भारी नुकसान।
जयपुर। जयपुर पूर्व में पुलिस ने एक बड़े बैंक घोटाले का पर्दाफाश करते हुए एसबीआई बैंक के मैनेजर और असिस्टेंट मैनेजर को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों ने एक आपराधिक गिरोह के साथ मिलकर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर 4 करोड़ रुपये से अधिक के लोन स्वीकृत कर बैंक को भारी नुकसान पहुंचाया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने फर्जी सरकारी कर्मचारियों के दस्तावेज तैयार कर उन्हें असली के रूप में सत्यापित किया और अलग-अलग ग्राहकों को करीब 4.20 करोड़ रुपये के लोन पास कर दिए। इस मामले में कुल 37 प्रकरण दर्ज किए गए हैं, जिनकी जांच जारी है। इस संगठित अपराध के मुख्य सरगना के रूप में 5000 रुपये के इनामी असिस्टेंट बैंक मैनेजर और बैंक मैनेजर को गिरफ्तार किया गया है।
दोनों आरोपियों की पहचान बाबूलाल मीना (47) और आकाश बिलोनिया (34) के रूप में हुई है। यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व रंजीता शर्मा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आलोक सिंघल और सहायक पुलिस आयुक्त नारायण कुमार बाजिया के सुपरविजन में मोती डूंगरी थाना पुलिस द्वारा की गई। पुलिस टीम का नेतृत्व थानाधिकारी मोहन सिंह ने किया। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने वर्ष 2023 में आदर्श नगर स्थित एसबीआई शाखा में पदस्थापित रहते हुए सुनियोजित तरीके से फर्जी दस्तावेजों के आधार पर लोन पास किए। फिलहाल पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।

Comment List