राजस्थान पंचायत चुनाव 2026 का कार्यक्रम संशोधित, जिला परिषद-पंचायत समिति के तीन चरणों में 22 अक्टूबर से मतदान
पंच के चुनाव के लिए निर्धारित कार्यक्रम में बदलाव
जयपुर। राजस्थान में पंचायतराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 को लेकर राज्य सरकार ने चुनाव कार्यक्रम में संशोधन किया है। वित्त विभाग की जारी अधिसूचना के अनुसार, राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से पंचायत समिति एवं जिला परिषद सदस्यों, सरपंच और पंच के चुनाव के लिए निर्धारित कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, पंचायत समिति एवं जिला परिषद सदस्यों के लिए प्रथम चरण का मतदान 22 अक्टूबर, द्वितीय चरण का 28 अक्टूबर और तृतीय चरण का मतदान 3 नवंबर 2026 को होगा। वहीं, सरपंच एवं पंच पदों के लिए मतदान क्रमशः 24 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और 5 नवंबर को कराया जाएगा। इसके अतिरिक्त चौथे चरण का मतदान 14 नवंबर को प्रस्तावित है।
अधिसूचना में संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान के दिन सार्वजनिक अवकाश घोषित करने का प्रावधान किया गया है, ताकि मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकें। इसके लिए परक्राम्य लिखित अधिनियम, 1881 की धारा 25 के तहत आवश्यक व्यवस्था की गई है। चुनाव कार्यक्रम में संशोधन का उद्देश्य मतदान प्रक्रिया को निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार संपन्न कराना है। संबंधित अधिकारियों को संशोधित कार्यक्रम के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करनी होगी।

Comment List